शिमला। 11 दिसंबर 2026 को हिमाचल की सुक्खू सरकार के चार साल पूरे होने जा रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने गृह जिला हमीरपुर के सुजानपुर में बड़ा समारोह आयोजित कर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
सरकार यहां चार साल की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के साथ अगले साल का रोडमैप भी सामने रखेगी। लेकिन इस आयोजन के राजनीतिक मायने सिर्फ सरकार के जश्न तक सीमित नहीं हैं। कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर के मंत्री बनने के इंतजार पर भी सबकी नजरें टिकी हैं।

विपक्ष को जवाब देने की तैयारी

दरअसल, समारोह में सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, चुनावी गारंटियों और बड़े फैसलों का लेखा-जोखा पेश किया जाएगा। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कामों को रिपोर्ट कार्ड में प्रमुखता मिल सकती है। साथ ही अगले एक साल के लिए सरकार की प्राथमिकताओं का खाका भी सामने रखा जा सकता है।

 

आर्थिक फैसलों और OPS पर रहेगा जोर

सरकार आर्थिक मोर्चे पर राजस्व संसाधनों में करीब 4,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के दावे को उपलब्धि के तौर पर रख सकती है। बीबीएमबी से प्रदेश के हिस्से, बिजली परियोजनाओं की रॉयल्टी और किशाऊ बांध परियोजना से जुड़ी संभावनाओं का भी जिक्र हो सकता है।

 

 

इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना यानी OPS की बहाली, भर्ती प्रक्रिया और सरकारी स्कूलों में CBSE व्यवस्था जैसे फैसले भी चर्चा में रहेंगे। महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता और 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे वादों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरता रहा है। ऐसे में समारोह में इन गारंटियों पर सरकार का रुख और किसी नई घोषणा की संभावना महत्वपूर्ण रहेगी।

सुंदर ठाकुर को लेकर भी राजनीतिक चर्चा

समारोह को लेकर राजनीतिक हलकों में कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने के इंतजार और उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उनके संबंध में किसी नियुक्ति या फैसले की आधिकारिक पुष्टि नहीं है। ऐसे में 11 दिसंबर का मंच इस लिहाज से भी चर्चा में रह सकता है।

 

 

पहले साल का समारोह धर्मशाला, दूसरे का बिलासपुर और तीसरे का मंडी में हुआ था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब चौथे साल का आयोजन सुजानपुर में होगा। विधानसभा चुनाव से पहले बचे आखिरी वर्ष के लिए सरकार की रणनीति और घोषणाओं पर सबकी नजर रहेगी।