शिमला। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 का मुकाबला अभी दूर है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। चुनाव में करीब एक साल का समय शेष रहते भाजपा ने प्रदेश में अपनी सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक इकाइयों में से एक राज्य कोर कमेटी का गठन कर दिया है। भाजपा के इस फैसले ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

12 सदस्यीय इस कोर कमेटी में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर सहित कई दिग्गज नेताओं को जगह दी गई है। वहीं, प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और वरिष्ठ नेता शांता कुमार को इस बार कोर कमेटी में शामिल नहीं किया गया है।
नितिन नवीन के निर्देश पर बनी नई कोर कमेटी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश की नई कोर कमेटी गठित की गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की। कमेटी में कुल 12 नियमित सदस्यों को शामिल किया गया है, जबकि प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इस टीम में केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश संगठन, सांसदों और विधायकों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।
नड्डा से लेकर जयराम और अनुराग तक
भाजपा की नई प्रदेश कोर कमेटी में जिन 12 नेताओं को शामिल किया गया है, उनमें पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल हैं। इसके अलावा विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल को भी कमेटी में जगह दी गई है।
जेपी नड्डा की मौजूदगी क्यों है खास?
नई कोर कमेटी में जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नड्डा हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते हैं और राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का हिस्सा रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उनकी भूमिका अहम है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रदेश कोर कमेटी में उनकी भागीदारी से हिमाचल के संगठनात्मक और राजनीतिक मामलों में उनके अनुभव का लाभ मिल सकता है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के बीच समन्वय भी महत्वपूर्ण रहेगा।
बिंदल, जयराम और अनुराग के कंधों पर भी रहेगी अहम जिम्मेदारी
कोर कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद अनुराग ठाकुर को शामिल करना भी संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। बिंदल के पास प्रदेश संगठन की कमान है, जबकि जयराम ठाकुर विधानसभा में विपक्ष का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं, अनुराग ठाकुर केंद्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इन नेताओं की मौजूदगी से संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभा में विपक्ष की रणनीति और प्रदेश में पार्टी के राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श का साझा मंच मिलेगा।
आखिर क्या काम करती है भाजपा की कोर कमेटी?
भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी को संगठन की महत्वपूर्ण रणनीतिक इकाई माना जाता है। इस मंच पर प्रदेश के राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती, सरकार के फैसलों और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा होती है। विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण के लिए नामों पर विचार-विमर्श और चुनावी रणनीति तैयार करने में भी इस तरह की कमेटी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि, टिकटों पर अंतिम निर्णय पार्टी के निर्धारित संसदीय और केंद्रीय नेतृत्व की प्रक्रिया के तहत ही होता है।
2027 के चुनाव के लिए अभी से तैयार हो रही सियासी जमीन
हिमाचल प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव वर्ष 2027 में प्रस्तावित है। भाजपा इस चुनाव में सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और प्रदेश सरकार के खिलाफ राजनीतिक मुद्दों को उठाने की रणनीति पर पार्टी काम कर रही है। ऐसे में नई कोर कमेटी आने वाले समय में चुनावी तैयारियों की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण मंच बन सकती है।
नई टीम से भाजपा ने क्या संदेश देने की कोशिश की?
नई कोर कमेटी की संरचना से स्पष्ट है कि भाजपा ने इसमें केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश संगठन और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को एक साथ रखा है। अनुभवी नेताओं के साथ संगठन में सक्रिय पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। अब देखना होगा कि यह नई टीम आगामी महीनों में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से क्या रणनीति तैयार करती है और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी किस तरह आगे बढ़ती है। फिलहाल कोर कमेटी की घोषणा के साथ ही हिमाचल भाजपा में चुनावी हलचल तेज हो गई है।



