चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। यहां एक 17 साल की लड़की के अपहरण हो गया है। इस घटना से ना सिर्फ लड़की के परिवार में बल्कि पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामला चंबा जिला के सिहुंता क्षेत्र का है और लड़की मात्र 17 साल की बताई गई है।

पिता ने अज्ञात व्यक्ति पर लगाया अपहरण का आरोप

पुलिस थाना सिहुंता में दर्ज करवाई गई शिकायत में नाबालिग लड़की के पिता ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी 17 साल की बेटी का अपहरण कर लिया है। बेटी के अचानक लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से अपनी बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढ निकालने की गुहार लगाई है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। स्थानीय लोग और प्रशासन भी इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लड़की की सकुशल वापसी की कामना कर रहे हैं।

 

एसपी विजय कुमार सकलानी ने की मामले की पुष्टि

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार सकलानी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लड़की की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं और जल्द ही लड़की को ढूंढ लिया जाएगा।

 

प्रशासन की अपील और सतर्कता का संदेश

नाबालिगों के लापता होने या अपहरण जैसी घटनाएं समाज और अभिभावकों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में अभिभावकों को अपने बच्चों की सुरक्षा और गतिविधियों के प्रति सदैव सतर्क रहना चाहिए। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर पर देनी चाहिए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई कर किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।