तेलंगाना के पेद्दापल्ली जिले में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड में काम करने वाले 30 वर्षीय कर्मचारी राजशेखर की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई. वारदात गोदावरीखनी के पावरहाउस कॉलोनी में सोमवार तड़के करीब 2 बजे हुई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

राजशेखर उस समय घर में सो रहा था. इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे फोन कर बाहर बुलाया. जैसे ही वह घर से बाहर निकला, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में राजशेखर की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
आधी रात फोन कर घर से बाहर बुलाया
राजशेखर गोदावरीखनी की पावरहाउस कॉलोनी में रहता था. सोमवार तड़के करीब 2 बजे जब परिवार के सदस्य और आसपास के लोग गहरी नींद में थे, तभी उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया. फोन करने वालों ने उसे किसी बहाने से घर के बाहर बुलाया.
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले से ही हत्या की योजना बना रखी थी. राजशेखर जैसे ही घर से बाहर निकला, वहां मौजूद युवकों ने उसे घेर लिया. इसके बाद आरोपियों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में राजशेखर को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
चार युवकों पर हत्या करने का शक
इस वारदात को चार युवकों ने अंजाम दिया है. आरोपियों ने राजशेखर पर चाकुओं से बेरहमी से कई वार किए. गंभीर चोट लगने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने राजशेखर को फोन करके घर से बाहर क्यों बुलाया था और उनके बीच पहले से कोई विवाद था या नहीं.
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही गोदावरीखनी वन टाउन पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेज दिया गया.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए अलगअलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है.



