सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक न्यायिक मजिस्ट्रेट के कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताई है. मजिस्ट्रेट ने एक पुलिस अधिकारी को इसलिए दोषी ठहराते हुए जुर्माना लगा दिया था, क्योंकि उसने एफआईआर दर्ज करने के उनके निर्देश का पालन नहीं किया था. इस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मजिस्ट्रेट के कानूनी अधिकारों और प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए. अदालत ने कहा कि कानून की उनकी समझ देखकर हैरानी होती है.

सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि मजिस्ट्रेट को सबसे पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 384 और पुरानी दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 345 के दायरे और अर्थ को समझना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत के सामने किए गए अपराध और अदालत के निर्देश का पालन नहीं करने के मामलों में अंतर है.

FIR दर्ज नहीं करना कोर्ट के सामने किया गया अपराध नहीं

जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत के सामने किसी को थप्पड़ मारता है, कोर्ट का अपमान करता है या निर्देश के बावजूद कोर्ट रूम से बाहर जाने से इनकार करता है, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है, लेकिन अगर अदालत किसी पुलिस अधिकारी को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देती है और वह उसका पालन नहीं करता, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता. इस तरह के मामले को धारा 384 BNSS के तहत तत्काल अपराध मानकर कार्रवाई नहीं की जा सकती.

पुलिस अधिकारियों को बुलाकर उसी दिन दोषी ठहराने पर सवाल

जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने मजिस्ट्रेट के रवैये पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कानून की उनकी समझ बेहद खराब है. उन्होंने आरोप लगाया कि मजिस्ट्रेट ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया, पुलिस अधीक्षक को बुलाया और उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया. सुप्रीम कोर्ट ने सवाल किया कि क्या जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाना, उनके नहीं आने को अदालत के सामने किया गया अपराध मान लेना और फिर उन्हें दोषी ठहराकर सजा सुनाना मजिस्ट्रेट के अधिकार क्षेत्र में आता है?

याचिकाकर्ता और जज को बाहुबली जैसा बर्ताव बंद करने की सलाह दें

सुनवाई के दौरान CJI की अध्यक्षता वाली बेंच ने वकील से कहा कि वे याचिकाकर्ता और संबंधित न्यायिक अधिकारी को सलाह दें कि वे बाहुबली की तरह बर्ताव करना बंद करें. अदालत की यह टिप्पणी मजिस्ट्रेट की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया और अधिकारों के कथित अतिक्रमण को लेकर थी. सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि न्यायिक अधिकारों का इस्तेमाल कानून में तय प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र के भीतर ही किया जाना चाहिए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। एफआईआर दर्ज करने के निर्देश का पालन नहीं होने पर उपलब्ध कानूनी उपायों के तहत कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन उसे अदालत के सामने किए गए अपराध की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता.