Sensex Nifty Fall: लगातार दो दिनों तक शानदार तेजी दिखाने के बाद भारतीय शेयर बाजार की रफ्तार पर बुधवार को ब्रेक लग गया. हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत लाल निशान के साथ हुई. सुबह 9 बजकर 29 मिनट पर बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 272.93 अंक यानी 0.33 फीसदी की गिरावट के साथ 82,259.26 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं एनएसई का निफ्टी भी फिसलकर 25,297.40 के स्तर पर आ गया. ये गिरावट तब आई है जब ठीक एक दिन पहले बाजार अपने नौ महीने के सबसे ऊंचे स्तर के करीब बंद हुआ था.

तेल की कीमतों से बाजार को सहारा

बुधवार सुबह बाजार में भले ही शुरुआती सुस्ती देखने को मिली हो, लेकिन जानकारों का मानना है कि ये गिरावट बहुत ज्यादा गहरी नहीं होगी. इसके पीछे दो मुख्य कारण हैं. पहला कारण कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने की उम्मीद है. दूसरा बड़ा कारण विदेशी निवेशकों की तरफ से भारतीय बाजार में लगातार हो रही पैसे की आवक है. उम्मीद जताई जा रही है कि इन दोनों पॉजिटिव संकेतों की वजह से आज बाजार को निचले स्तरों पर सहारा मिलेगा, जिससे नुकसान सीमित रहेगा.

मंगलवार को दिखा था शानदार उछाल

इससे पहले मंगलवार का दिन निवेशकों के लिए काफी मुनाफे वाला रहा था. बाजार ने लगातार दूसरे दिन बढ़त दर्ज की थी. मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 फीसदी की मजबूती के साथ 82,532.19 के स्तर पर बंद हुआ था. दिन के कारोबार के दौरान एक समय तो सेंसेक्स में गजब की तेजी देखने को मिली थी. ये 792.7 अंक यानी 0.96 फीसदी तक उछलकर 82,897.49 के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी मंगलवार को 96.30 अंक यानी 0.38 फीसदी चढ़कर 25,387.40 पर बंद हुआ था.

बैंकिंग शेयरों ने भरी थी रफ्तार

मंगलवार को दुनिया भर के बाजारों के संकेत कमजोर थे. इसके बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने ग्लोबल ट्रेंड को पीछे छोड़ते हुए अपनी अलग राह पकड़ी. बाजार की इस चौतरफा तेजी के पीछे बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में हुई जमकर खरीदारी का बड़ा रोल रहा. इसके अलावा दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखी गई. विदेशी फंडों के लगातार प्रवाह के साथ कच्चे तेल की संतुलित कीमतों ने भी मंगलवार को बाजार का जोश हाई रखने में पूरी मदद की थी.