दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठी बीजेपी सरकार झूठे आंकड़ों के जरिए प्रदूषण की गंभीर स्थिति को छिपाने की कोशिश कर रही है. अखिलेश ने कहा कि प्रदूषण की असली स्थिति उन बच्चों, बीमारों और बुजुर्गों से पूछनी चाहिए, जिन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘दिल्ली में बैठी भ्रष्ट भाजपा सरकार झूठे आंकड़ों की चादर से प्रदूषण की असहनीय तकलीफ़ को ढकना चाहती है. प्रदूषण के स्तर का सच क्या है ये उन मासूम बच्चों, बीमारों और बुज़ुर्गों से पूछिए जो एकएक सांस लेने में ज़िंदगी की जंग लड़ रहे हैं.’ उन्होंने आगे बीजेपी पर हमला करते हुए लिखा, ‘भाजपा झूठी थी, झूठी है और झूठी ही रहेगी.’

59 में से 36 मॉनीटरिंग स्टेशनों पर नहीं मिला डेटा

दरअसल, दिल्ली में दिवाली की रात प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर सवाल उठे हैं. सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर के विश्लेषण के मुताबिक, 8 और 9 नवंबर की दरमियानी रात दिल्ली के 59 एयर क्वालिटी मॉनीटरिंग स्टेशनों में से 36 स्टेशन रात एक बजे PM2.5 की रीडिंग नहीं दे रहे थे. इस दौरान केवल 23 स्टेशनों से ही आंकड़े मिल रहे थे.

आंकड़ों के मुताबिक, रात 10 बजे तक सात स्टेशनों पर डेटा नहीं मिल रहा था. रात 11 बजे यह संख्या बढ़कर 23 हो गई और आधी रात तक 29 स्टेशन रीडिंग नहीं दे रहे थे. रात एक बजे 36 स्टेशन डेटा नहीं दे रहे थे. रात दो बजे भी 35 स्टेशनों पर रीडिंग उपलब्ध नहीं थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। CREA के विश्लेषण के मुताबिक, सुबह के समय धीरेधीरे डेटा की उपलब्धता बेहतर हुई. सुबह सात बजे 13 और आठ बजे सात स्टेशनों पर आंकड़े नहीं मिल रहे थे.

आधिकारिक आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल

दिल्ली में प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बीच मॉनीटरिंग स्टेशनों से आंकड़े नहीं मिलने के मामले ने आधिकारिक AQI डेटा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं. विशेषज्ञों ने कहा है कि प्रदूषण के सबसे गंभीर समय पर रीडिंग उपलब्ध नहीं होने से वास्तविक स्थिति का आकलन प्रभावित हो सकता है. दिल्ली में दिवाली के दिन औसत AQI 376 दर्ज किया गया था, जो पिछले पांच साल में दिवाली के दिन का सबसे खराब स्तर बताया गया. वहीं, 9 नवंबर को शाम चार बजे औसत AQI 344 दर्ज हुआ, लेकिन उस समय 59 में से केवल 47 मॉनीटरिंग स्टेशनों से आंकड़े उपलब्ध थे.

अखिलेश यादव ने इसी मुद्दे को उठाते हुए बीजेपी सरकार पर प्रदूषण के वास्तविक स्तर को छिपाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि प्रदूषण की असली स्थिति सरकारी आंकड़ों से नहीं, बल्कि उन लोगों से समझी जा सकती है जो जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं.