झारखंड के हजारीबाग में सोमवार को दनुआ घाटी के महानेटांड कट के पास भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां एक सवारी वाहन को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी. हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद एक कोयला लदा ट्रक भी सवारी वाहन से टकराकर घाटी में पलट गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड स्थित अटका गांव से करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग एक सवारी वाहन में सवार होकर वाराणसी जा रहे थे. सभी लोग गांव के एक व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए निकले थे. शव को सवारी वाहन के ऊपर बांधा गया था.
बताया जा रहा है कि हजारीबाग की दनुआ घाटी में महानेटांड कट के पास अचानक शव को बांधने वाली रस्सी खुल गई. इसके बाद वाहन में सवार लोगों ने गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और रस्सी को दोबारा ठीक करने लगे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद ट्रेलर चालक फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवारी वाहन में बैठे लोग उसकी चपेट में आ गए. हादसे में 7 की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
इसी बीच पीछे से आ रहा कोयले से लदा एक ट्रक भी सवारी वाहन से टकरा गया. टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया. एक के बाद एक वाहनों की टक्कर से घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को निकालने में जुट गए. क्षतिग्रस्त सवारी वाहन को हटाने के लिए क्रेन की मदद भी ली गई.
घायलों को हजारीबाग रेफर किया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. घायलों के अस्पताल पहुंचते ही वहां अफरातफरी का माहौल बन गया.
डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया. करीब तीन घंटे तक अस्पताल और घटनास्थल पर चीखपुकार और अफरातफरी का माहौल बना रहा.
दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ वह खुद घटनास्थल पर पहुंचे थे. इसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
इस भीषण हादसे ने एक बार फिर दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ही परिवार और गांव के लोगों के लिए अंतिम संस्कार का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया.



