कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज  वाली घटना सामने आई। यहां कुत्ते को घुमाने निकले एक पूर्व सैनिक पर व्यक्ति ने पिस्टल से गोली चला दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बद्दी की फैक्टरी में साथ काम करते थे दोनों

मामला कांगड़ा जिेले के बालकरूपी पंचायत से सामने आया है। इस मामले में हैरानी की बात यह है कि गोली चलाने वाला व्यक्ति महेंद्र सिंह के लिए अनजान नहीं, बल्कि उसी का पड़ोसी था। महेंद्र सिंह पहले बद्दी की एक निजी फैक्टरी में काम करते थे। मध्य प्रदेश का रहने वाला शत्रुघ्न भी उसी फैक्टरी में नौकरी करता था। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। महेंद्र सिंह ने इसी साल मार्च में फैक्टरी की नौकरी छोड़ दी थी।

 

आपसी रंजिश को बताया जा रहा गोलीकांड का कारण

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोली चलाने के पीछे दोनों पक्षों के बीच चल रही आपसी रंजिश को वजह माना जा रहा है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि, यह रंजिश किस बात को लेकर थी और वारदात किन हालात में हुई, इसका अभी पूरी तरह पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी।

गोली चलाने के बाद जंगल की तरफ भागा आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही आलमपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस को आशंका है कि गोली चलाने के बाद शत्रुघ्न जंगल की तरफ भाग गया है। इसी को देखते हुए उसकी तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

 

 

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी बालकरूपी क्यों आया था और उसने पूर्व सैनिक पर गोली क्यों चलाई। पुलिस के लिए फिलहाल आरोपी को पकड़ना और वारदात के पीछे की असली वजह का पता लगाना सबसे बड़ी चुनौती है।

DSP ने की घटना की पुष्टि

बैजनाथ के DSP संदीप शर्मा ने गोली चलने की घटना की पुष्टि की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश जारी है और उसके पकड़े जाने के बाद ही घटना के पीछे की वजह साफ हो पाएगी।