कुल्लू/सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन होने वाले हादसों में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। कहीं तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह बन रही है, तो कहीं तकनीकी खराबी के चलते वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। अब प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों से सड़क हादसों की खबर सामने आई है। इन दोनों हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

साइकिल को टक्कर मार खड़े ट्रक से टकटकाई कार 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक सड़क हादसा जिला कुल्लू के जिया में बीते कल शाम पेश आया। यहां डिजायर कार लाहौल-स्पीति से औट की तरफ जा रही थी। कार अजय कुमार उम्र 27 साल चला रहा था और उसके साथ चार दोस्त भी सवार थे। जिया में महिंद्रा एजेंसी के पास पहुंचते ही कार ने आगे जा रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।

 

कार में सवार पांच लोग घायल

हादसे में कार चालक अजय कुमार के अलावा हरषित (24), अमन (24), श्रुति (24) और सचिन (22) घायल हुए हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए हरिहर अस्पताल, हाथीथान ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

इलाज के दौरान साइकिल सवार की मौत

हादसे में घायल साइकिल सवार सावणू राम, निवासी जिया, को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेगूबेहड़ ले जाया गया। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

कार चालक के खिलाफ केस दर्ज

SP कुल्लू अभिषेक ने बताया कि हादसे को लेकर पुलिस थाना भुंतर में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस हादसा कैसे हुआ और इसकी असली वजह क्या रही, इसकी जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

डंपर से मिट्टी उतारते समय पलटा वाहन

वही दूसरा सड़क हादसा जिला सिरमौर से पेश आया है। पुलिस को दी शिकायत में यशपाल चौहान, निवासी गांव डिमोठ, जिला देहरादून (उत्तराखंड) ने बताया कि मिश्रवाला में एक वेयरहाउस का निर्माण चल रहा है। इस काम का ठेका नाजर अली ने लिया हुआ था। निर्माण स्थल पर डंपरों के जरिए रेत, मिट्टी और दूसरी निर्माण सामग्री पहुंचाई जा रही थी।

 

शिकायत के मुताबिक, शाम के समय निर्माण स्थल पर एक डंपर से मिट्टी उतारी जा रही थी। इस दौरान नाजर अली डंपर के पास ही खड़ा था। मिट्टी खाली करते समय डंपर का जैक काफी ऊपर उठ गया। इसके बाद चालक ने डंपर को आगे-पीछे किया, तभी डंपर अचानक नाजर अली की तरफ पलट गया और उसके ऊपर जा गिरा।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

डंपर पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह नाजर अली को डंपर के नीचे से बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत जुनेजा अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

डंपर चालक पर लापरवाही का आरोप

शिकायतकर्ता ने इस हादसे के लिए डंपर चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।