Rampur Crime News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से खौफनाक हत्याकांड की खबर सामने आई है. यहां टाहकला गांव में शनिवार शाम हुई नवजोत सिंह की दिनदहाड़े हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है. चौराहे पर अपने वॉशिंग हब पर अकेले बैठे 35 वर्षीय नवजोत पर दो नकाबपोश बदमाशों ने चार गोलियां दागीं और फरार हो गए. लेकिन इस खूनी वारदात की परतें सिर्फ एक हत्या तक सीमित नहीं हैं. इसके पीछे छिपी है 50 साल की रिश्ते की विधवा दादी से प्रेम प्रसंग, भागकर कोर्ट मैरिज, ढाई एकड़ जमीन और न्यूजीलैंड से भेजे गए 8 लाख रुपये का भीषण पारिवारिक विवाद.

नवजोत सिंह की जिंदगी के पिछले 5 सालों का इतिहास विवादों और अप्रत्याशित मोड़ों से भरा रहा है. नवजोत की पहली शादी 5 साल पहले हुई थी. शादी के कुछ ही समय बाद उसकी पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतका के परिजनों ने नवजोत पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया, जिसके बाद उसे जेल जाना पड़ा. जेल से छूटकर घर लौटने के बाद नवजोत की अपने ही गांव की 50 वर्षीय विधवा महिला के साथ नजदीकियां बढ़ गईं.

8 लाख रुपये, ढाई एकड़ जमीन और फरार होकर कोर्ट मैरिज

नवजोत और 50 वर्षीय विधवा के बीच बढ़ा प्रेम प्रसंग जल्द ही संपत्ति के टकराव में बदल गया. विधवा महिला के दो बेटे न्यूजीलैंड में रहकर नौकरी करते हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बेटों ने अपनी मां के बैंक खाते में नई गाड़ी खरीदने के लिए 8 लाख रुपये भेजे थे. इसके अलावा महिला के नाम पर ढाई एकड़ कीमती जमीन भी थी. एक साल पहले नवजोत अपनी प्रेमिका को लेकर गांव से फरार हो गया. दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और रामपुर शहर में किराए का कमरा लेकर साथ रहने लगे.

विदेश से लौटे बेटे, गांव में पंचायत और रंजिश की आग

मां के इस कदम और खाते के 8 लाख रुपये समेत जमीन के हाथ से निकलने की खबर मिलते ही न्यूजीलैंड में रह रहे दोनों बेटे गांव लौट आए. ग्रामीणों के अनुसार, लगभग दो महीने पहले बेटों और नवजोत के बीच पैसे व संपत्ति के निपटारे को लेकर गांव में बड़ी पंचायत बुलाई गई थी. पंचायत में कोई सहमति नहीं बन सकी, जिसके बाद दोनों भाई वापस लौट गए, लेकिन उनके मन में नवजोत के प्रति भारी आक्रोश और रंजिश बरकरार रही.

शनिवार शाम की वारदात: नकाबपोश शूटर और विदेश से रची गई साजिश?

शनिवार शाम करीब 4 बजे जब नवजोत अपने वॉशिंग हब पर अकेला बैठा था, तभी बाइक सवार दो नकाबपोश शूटरों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. नवजोत को चार गोलियां लगीं और उसने मौके पर ही तड़पतड़पकर दम तोड़ दिया. पुलिस के देर से पहुंचने और ढुलमुल रवैये पर भड़के परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति संभाली.

प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के मुताबिक, पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. परिजनों का आरोप है कि न्यूजीलैंड में रह रहे महिला के बेटों ने ही भाड़े के शूटरों से नवजोत की हत्या की साजिश रची है. पुलिस सुपारी किलिंग के कोण से मामले की जांच कर रही है.