पंजाब के मानसा में पारिवारिक विवाद के बाद एक पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और दो बेटों पर गोली चला दी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. मंगलवार सुबह हुई इस घटना में पुलिसकर्मी और उसके एक बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मृतकों की पहचान पुलिसकर्मी गुरविंदर सिंह और उसके बेटे जोत के रूप में हुई है. वहीं, उसकी पत्नी हरप्रीत कौर और दूसरे बेटे दिलशान की हालत गंभीर बताई जा रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों को मानसा के सिविल अस्पताल से रेफर किया गया है.

पत्नी और दो बेटों पर की फायरिंग

घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुई. पुलिसकर्मी गुरविंदर सिंह ने पहले अपनी पत्नी हरप्रीत कौर और दोनों बेटों जोत व दिलशान को गोली मारी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने गुरविंदर सिंह और उसके बेटे जोत को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल हरप्रीत कौर और दिलशान को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया.

फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के पीछे की वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है.

डिप्टी कमिश्नर की सुरक्षा में तैनात था पुलिसकर्मी

गुरविंदर सिंह पंजाब पुलिस में तैनात था और मानसा के डिप्टी कमिश्नर की सुरक्षा में गनमैन के तौर पर काम कर रहा था. बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से छुट्टी पर था. छुट्टी के दौरान ही यह घटना हुई.

पुलिसकर्मी के परिवार में हुई इस वारदात के बाद कई सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, अभी तक विवाद की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस परिवार से जुड़े पहलुओं और घटना से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है.

SSP बोले पारिवारिक विवाद के बाद हुई गोलीबारी

मानसा के SSP वैभव चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार को हुई गोलीबारी पारिवारिक झगड़े का मामला है. उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के कर्मचारी ने ही अपने परिवार पर फायरिंग की थी. इस घटना में दो लोगों की मौत हो चुकी है.

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पारिवारिक विवाद किस बात को लेकर हुआ था और गोलीबारी तक मामला कैसे पहुंचा. फिलहाल, घायल मांबेटे का इलाज जारी है.