सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव लड़ने की उम्र कम करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इंकार कर दिया. वकील ने कहा कि एक महत्वपूर्ण मुद्दा है. 61वें संशोधन के जरिए वोट देने की उम्र 21 से घटाकर 18 साल कर दी गई थी. लेकिन लोकसभा का सदस्य बनने के लिए उम्र 25 साल है और राज्यसभा के लिए 30 साल. यही बात राज्य विधानसभा और विधान परिषद के लिए भी लागू होती है.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ये सही याचिका नहीं है. वकील ने कहा कि शायद प्रतिवादी को इस बारे में सूचित किया जा सकता है. प्रतिवादी याचिकाकर्ता को बता सकता है कि उनके आवेदन का क्या नतीजा निकला.

हाई कोर्ट जाने की दी सलाह

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इसके लिए आप अनुच्छेद 226 के तहत हाई कोर्ट जा सकते हैं. वकील ने कहा कि तो फिर मैं अपनी याचिका वापस ले लेता हूं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने कहा कि याचिका वापस लेने के मंजूरी दी जाती है.

भारतीय संविधान का अनुच्छेद 226 हर हाई कोर्ट को ये शक्ति देता है कि वह अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले किसी भी व्यक्ति, सरकार या प्राधिकरण को रिट जारी कर सके, ताकि नागरिकों के मौलिक अधिकारों और अन्य कानूनी अधिकारों की रक्षा की जा सके.

अनुच्छेद 226 की मुख्य विशेषताएं

सुप्रीम कोर्ट ने अनुच्छेद 32 के तहत केवल मौलिक अधिकारों को लागू करवा सकता है, जबकि हाई कोर्ट अनुच्छेद 226 के तहत मौलिक अधिकारों और सामान्य कानूनी अधिकारों जैसे सार्वजनिक प्राधिकरणों से जुड़े संपत्ति, सेवा या अनुबंध संबंधी विवाद दोनों के लिए रिट जारी कर सकता है.

अनुच्छेद 226 के तहत रिट जारी करना हाई कोर्ट की अपनी मर्जी पर निर्भर करता है. अगर आपके पास अपनी समस्या सुलझाने के लिए कोई दूसरा आसान और सही कानूनी रास्ता मौजूद है, तो कोर्ट आपसे कह सकता है कि सीधे हाई कोर्ट आने के बजाय पहले उस रास्ते का इस्तेमाल करें.