Saran News: बिहार के सारण जिले से शादी की रस्मों के बाद विदाई रुक जाने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में सात फेरे और सिंदूरदान होने के बावजूद दुल्हन ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया, जिसके चलते दूल्हा और बाराती बिना दुल्हन के ही वापस लौट गए. बताया जा रहा है कि विदाई के वक्त सलामी में मिले रुपये गिनने के दौरान दूल्हे से बारबार चूक होने पर दुल्हन ने उसकी समझदारी पर सवाल उठाया और यह कड़ा फैसला लिया.

जानकारी के मुताबिक, मकेर थाना क्षेत्र के दादनपुर गांव निवासी वीरेंद्र मांझी के पुत्र राहुल कुमार की बारात बुधवार को मुबारकपुर निवासी शिवरात मांझी के घर पहुंची थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। रात में द्वारपूजा, कन्या निरीक्षण और सिंदूरदान समेत विवाह की सभी रस्में सामान्य रूप से पूरी हुईं और बारातियों ने भोजन भी किया.
गिनती में बारबार चूकने पर दुल्हन ने जताई आपत्ति
गुरुवार सुबह विदाई से पहले परंपरा के अनुसार गांव की महिलाओं ने दूल्हे को सलामी के रुपये दिए. जब रुपये गिनने के लिए दूल्हे को थमाए गए, तो वह बारबार गिनती में चूक करने लगा. कई कोशिशों के बावजूद सही हिसाब न लगा पाने पर दुल्हन ने उसकी समझदारी पर सवाल उठाते हुए साथ जाने से मना कर दिया.
पंचायत में उपहार लौटाने पर बनी सहमति, बस हादसे में घायल हुए थे दुल्हन के पिता
दुल्हन के इनकार से दोनों पक्षों में अफरातफरी की स्थिति बन गई. काफी मानमनौव्वल के बावजूद दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही. सूचना पर मढ़ौरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद गांव में पंचायत बैठी, जिसमें आपसी सहमति से दोनों पक्षों द्वारा एकदूसरे को दिए गए उपहार वापस करने का निर्णय लिया गया और बारात बिना दुल्हन के लौट गई.
इस घटना से जुड़ा एक भावुक पहलू भी सामने आया है कि दुल्हन के पिता रविंद्र मांझी इसी बेटी की शादी में शामिल होने राजस्थान से आ रहे थे, तभी लखनऊ के पास हुए बस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, हालांकि संयोग से उनकी जान बच गई थी.



