Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में तेज बारिश के दौरान नाले में बह गई चौथी कक्षा की छात्रा चारु कश्यप की तलाश लगातार जारी है. घटना के 50 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला है. इस बीच शहर में हिंदूमुस्लिम एकता की एक भावुक तस्वीर सामने आई, जहां उमर फारूक मस्जिद में नमाज के बाद बच्ची की सुरक्षित बरामदगी और उसके परिवार को हिम्मत देने के लिए विशेष दुआ की गई.

नमाज के बाद बच्ची के लिए मांगी दुआ
कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित उमर फारूक मस्जिद में शुक्रवार को नमाज अदा करने के बाद मौलाना और सभी नमाजियों ने चारु कश्यप की जल्द से जल्द बरामदगी की दुआ की. मस्जिद में मौजूद लोगों ने अल्लाह से प्रार्थना की कि बच्ची का जल्द पता चल जाए, ताकि उसके परिजनों की चिंता कम हो सके और उन्हें इस मुश्किल समय में हौसला मिले.
बचाव अभियान लगातार जारी
छात्रा की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, गोताखोरों और नगर पालिका की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं. कई घंटों से नाले और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन अब तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका है. प्रशासन का कहना है कि खोज अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक बच्ची का पता नहीं चल जाता.
परिवार की आर्थिक मदद की भी उठी मांग
दुआ में शामिल नमाजियों ने कहा कि बच्ची का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि यदि परिवार पर कोई बड़ी विपत्ति आई है तो उसे हरसंभव आर्थिक सहायता दी जाए. कुछ लोगों ने परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की भी मांग की.
हिंदूमुस्लिम एकता की हो रही सराहना
मस्जिद में बच्ची के लिए की गई दुआ की शहरभर में चर्चा हो रही है. स्थानीय लोग इसे आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल बता रहे हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि दुख की इस घड़ी में सभी समुदायों का एक साथ खड़ा होना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है.
वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बचाव अभियान में लगे अधिकारियों को सहयोग करें. वहीं, चारु कश्यप के परिजन अब भी उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं, जबकि प्रशासन और बचाव दल लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं.



