भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो साझा कर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया।

Ajinkya Rahane announced his retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज और टेस्ट क्रिकेट के भरोसेमंद खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को विराम देने की घोषणा की। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने के बाद उनके इस फैसले को वापसी की उम्मीद खत्म होने से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

रहाणे भारतीय क्रिकेट के उन खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्होंने विदेशों में टीम इंडिया को कई यादगार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। खासकर साल 202021 की बॉर्डरगावस्कर ट्रॉफी में उनकी कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर हराकर इतिहास रचा था। अब उनके संन्यास के साथ भारतीय क्रिकेट के एक सफल अध्याय का अंत हो गया है।

2023 में खेला था आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच साल 2023 में खेला था। इसके बाद से वह लगातार टीम से बाहर चल रहे थे। हालांकि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में वह सक्रिय रहे, लेकिन राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी नहीं हो सकी। अब इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने आधिकारिक तौर पर इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अपने संदेश में रहाणे ने भारतीय टीम के साथ बिताए हर पल को याद करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

टी20 से किया था डेब्यू, टेस्ट में बनाई अलग पहचान

दिलचस्प बात यह है कि टेस्ट स्पेशलिस्ट माने जाने वाले अजिंक्य रहाणे ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत अगस्त 2011 में टी20 इंटरनेशनल से की थी। इसके बाद उन्होंने वनडे और फिर टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने खुद को भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल किया। विदेशी पिचों पर उनकी बल्लेबाजी और मुश्किल परिस्थितियों में लंबी पारियां उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती थीं।

ऐसा रहा Ajinkya Rahane का इंटरनेशनल करियर

रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 5077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 90 मुकाबलों में 2962 रन बनाए और तीन शतक तथा 24 अर्धशतक अपने नाम किए। वहीं 20 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 375 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। तीनों फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले रहाणे ने अपने प्रदर्शन से लंबे समय तक टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी।

कप्तान के तौर पर भी रहे सफल, भावुक संदेश के साथ कहा अलविदा

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए छह टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें चार मुकाबलों में जीत मिली, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया एक भी टेस्ट नहीं हारी। साल 2021 में ऑस्ट्रेलिया में मिली ऐतिहासिक बॉर्डरगावस्कर ट्रॉफी जीत उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनी जाती है।

अपने रिटायरमेंट वीडियो में रहाणे ने कहा कि हर शुरुआत का एक अंत होता है और अब उनके लिए आगे बढ़ने का समय आ गया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि भले ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह रहे हैं, लेकिन क्रिकेट से उनका रिश्ता आगे भी बना रहेगा। उनके इस ऐलान के बाद क्रिकेट जगत और प्रशंसकों ने उन्हें शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए शुभकामनाएं दी हैं।