कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हुए और इस दौरान उन्होंने सरकार और पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो भारत के लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के खिलाफ किए गए अपराधों की कीमत चुकानी होगी. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल ने पीएम मोदी पर लोकतंत्र पर सीधे हमले करने और ‘वोट चोरी’ में शामिल होने का भी आरोप लगाया.

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आवाजों को दबा रहे हैं. जैसा कि आपने दिल्ली में देखा, पूरा शहर बंद कर दिया गया था और पुलिस छात्रों की पिटाई कर रही थी. बीजेपी ने अपने गुंडों को भी छोड़ दिया था, जिन्होंने छात्रों की पिटाई की. उन्होंने आगे कहा, ‘समस्या ये है कि पीएम मोदी यह नहीं समझ रहे हैं कि खेल खत्म हो चुका है. पिछले 15 सालों से वो जो नाटक कर रहे हैं, वह अब खत्म होने वाला है. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि नरेंद्र मोदी देश के खिलाफ किए गए अपराधों की कीमत चुकाएं’.
मिस्टर इंडिया के मोगैंबो से की पीएम मोदी की तुलना
राहुल ने पीएम मोदी की तुलना बॉलीवुड की हिट फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ के विलेन ‘मोगैंबो’ से की, जिसका किरदार अमरीश पुरी ने निभाया था. उन्होंने छात्रों से कहा कि उन्हें किसी भी चीज से डरना नहीं चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान और लोकतंत्र पर हमला करने वाले सभी लोगों को सजा दिलाई जाएगी.
तमिलनाडु पर हिंदी थोपे जाने का लगाया आरोप
राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने तमिल संस्कृति, भाषा और इतिहास पर ‘जबरदस्त हमला’ किया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘अमित शाह खुलेआम कहते हैं कि तमिलनाडु पर हिंदी थोपी जाएगी. मोदी और शाह ही लोगों की जिज्ञासा को दबा रहे हैं. यह नई शिक्षा नीति के जरिए हो रहा है. इसमें तीनभाषा वाला फॉर्मूला थोपा गया है’. उन्होंने कहा कि हम तमिल संस्कृति, भाषा और इतिहास पर हमला नहीं करने देंगे.
‘जिज्ञासा की बुनियाद को खत्म कर रहे मोदीशाह’
राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ में यह भी कहा कि सवाल पूछना ही तरक्की की बुनियाद है और लोकतंत्र खुद जिज्ञासा और सवाल पूछने से ही पैदा होता है. उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और अमित शाह उस जिज्ञासा की बुनियाद को ही खत्म कर रहे हैं.



