रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण’ इन दिनों सुर्खियों में है. फिल्म शानदार कमाई कर रही है, वहीं ऑडियंस का भी भरपूर प्यार मिल रहा है. हालांकि इस दौरान विरोध के सुर तेज हो गए हैं. कुछ हिंदू संगठनों ने फिल्म के मेकर्स पर महर्षि वाल्मीकि की रामायण की मूल कथा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है और फिल्म पर रोक लगाने की मांग की है.

विश्व हिंदू परिषद ने नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ में मूल कथानक से छेड़छाड़ और मनगढ़ंत घटनाएं दिखाने का आरोप लगाते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. मनगढ़ंत कथानक से राम भक्तों को आहत करने पर VHP ने नाराजगी जाहिर की है.
‘राम भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत’
21 नवंबर को जारी एक आधिकारिक बयान में VHP ने कहा कि फिल्म में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित जीवंत कथा के अनेक तथ्यों को विकृत किया गया है. इससे करोड़ों राम भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. VHP ने कहा ‘रामायण फिल्म में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित जीवंत कथा में अनेक तथ्यों को विकृत करने, मनघड़ंत घटनाएं सम्मिलित करने और अनेक महत्वपूर्ण चरित्रों को नहीं दर्शाने के षड्यंत्र के विरुद्ध विश्व हिन्दू परिषद ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है’.
विश्व हिन्दू परिषद राम भक्तों की श्रद्धा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने कहा है कि इस फिल्म में एक अरब से अधिक हिंदू राम भक्तों की श्रद्धा से खिलवाड़ करते हुए एक राजनीतिक विमर्श स्थापित करने के प्रयास किया गया है.
‘श्री राम और उनके परिवार के चरित्रों को हल्का दिखाया’
उन्होंने कहा कि एक ओर इसमें प्रभु श्री राम और उनके परिवार के चरित्रों को हल्केपन से दिखाया गया है तो वहीं, इसके विपरीत राक्षसराज रावण का महिमामंडन करने का भी कुत्सित प्रयास किया गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान राम के सार्वभौमिक चरित्र के अभिन्न अंग हैं जिनका फिल्म में कोई उल्लेख तक नहीं है.
रावण का शोषितों के उद्धारक के रूप में महिमा मंडन
बजरंग बागड़ा ने कहा है ‘उल्टे, प्रभु राम के ऋषि मुनियों की साधना, यज्ञ, गुरुकुल आदि में बाधक समाजद्रोही राक्षसों के उन्मूलन के महती अभियान को अपनी पत्नी के अपहरण के प्रतिशोध जैसा व्यक्तिगत संघर्ष का रूप देने का घृणित प्रयास किया गया है. दूसरी ओर, अहंकारी रावण का शोषितों के उद्धारक के रूप में महिमा मंडन करने जैसे राजनीतिक विमर्श गढ़ने का कुप्रयास भी किया गया है.
‘राजनीति से प्रेरित इस फिल्म ने गहरी ठेस पहुंचाई’
बागड़ा ने कहा कि ज्ञान, भक्ति और शक्ति की पराकाष्ठा को छूने के बाद भी अहंकार वश सृष्टि के हर प्राणी को आतंकित और उत्पीड़ित करने वाला रावण दुराचारी था, यह प्रत्येक रामकथा में निर्विवाद रूप से वर्णित है. उन्होंने कहा कि युगों युगों से स्थापित राम कथा और प्रभु राम में करोड़ों हिंदुओं की गहन श्रद्धा है, जिसे राजनीति से प्रेरित इस फिल्म ने गहरी ठेस पहुंचाई है और हिंदू जनमानस की भावनाओं को आहत किया है.
‘फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जाए’
विहिप महामंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और राजनीतिक मर्यादाएं स्थापित करने वाली राम कथा से ऐसी छेड़छाड़ समाज में स्थापित नैतिक मूल्यों की नींव पर प्रहार करती है. उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने के ऐसे प्रयासों को समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा.
विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने कहा कि VHP यह मांग करती है कि फिल्म को मिले सेंसर प्रमाण पत्र को निरस्त कर इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जाए.



