भारत के ओलंपिक सपने को नई गति देने के संकल्प के साथ फिट इंडिया मूवमेंट के तहत Sundays on Cycle का 100वां संस्करण पुणे में संपन्न हुआ. पिंपरीचिंचवड़ स्थित पुणे इंटरनेशनल एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की थीम Pedalling Towards Indias Olympic Dream रही. केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में साइकिलिस्ट ने हिस्सा लिया. इस बार आयोजन का संदेश सिर्फ फिटनेस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके जरिए भारत की बढ़ती खेल महत्वाकांक्षाओं और ओलंपिक की तैयारियों को भी रेखांकित किया गया.
इस विशेष संस्करण में India Ready for Olympics के संदेश के साथ देशभर के प्रमुख स्थानों पर भारतीय ओलंपियनों की भागीदारी रही. इसके जरिए ओलंपिक में भारत की मजबूत दावेदारी के लिए देश में खेल संस्कृति और फिटनेस को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया गया. आयोजन में बच्चों, युवाओं और तमाम उम्र के लोगों की भागीदारी ने यह दिखाया कि खेल और फिटनेस को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
दरअसल, भारत की खेल महत्वाकांक्षाएं अब कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी से आगे ओलंपिक की तैयारी तक पहुंच रही हैं. ऐसे में मजबूत खेल इकोसिस्टम तैयार करने के लिए जरूरी है कि खेलों और फिटनेस की संस्कृति समाज के हर वर्ग तक पहुंचे. इस आयोजन का उद्देश्य भी लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना और साइकिलिंग को उनकी जीवनशैली का हिस्सा बनाना रहा.
कब हुई इसकी शुरुआत?

Sundays on Cycle की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी. धीरेधीरे यह पहल देशव्यापी अभियान में बदल गई. इस अभियान के जरिए साइकिलिंग को फिटनेस के साथसाथ पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली के रूप में भी प्रोत्साहित किया जा रहा है. इसका संदेश है कि स्वस्थ रहने के लिए जरूरी नहीं कि हर बार बड़े संसाधनों या आधुनिक सुविधाओं की जरूरत हो. साइकिलिंग जैसी सामान्य गतिविधि को दिनचर्या में शामिल करके भी शारीरिक सक्रियता और स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने साइकिलिंग को फिटनेस से आगे देश के विकास और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर देखा. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति साइकिल चलाता है तो वह सिर्फ खुद को फिट रखने का काम नहीं करता, बल्कि समाज को स्वास्थ्य का संदेश भी देता है. साइकिल का एकएक पैडल विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में योगदान देता है.
मांडविया ने कहा कि साइकिलिंग से व्यक्ति खुद को फिट रख सकता है, प्रदूषण की समस्या के समाधान में योगदान दे सकता है और ट्रैफिक की समस्या को कम करने में भी मदद कर सकता है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और इसके जरिए देश के विकास में भागीदार बनें. उनके मुताबिक, साइकिलिंग सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ समाज की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है.
शिवाजी महाराज की धरती से शुरू हुआ
मांडविया ने महाराष्ट्र की ऐतिहासिक धरती का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की इस भूमि से स्वराज का संकल्प आगे बढ़ा था और अब इसी धरती से फिटनेस का संकल्प पूरे देश तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने स्थानीय विधायक महेश तौरे की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुणे को फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़ने और लोगों को स्वास्थ्य के संदेश के साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
मंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित भारत का आधार है और फिट इंडिया इसी सोच का हिस्सा है. उन्होंने पुणे के नागरिकों को साइकिलिंग के जरिए फिटनेस, ओलंपिक मूवमेंट और भारत के ओलंपिक ड्रीम से जुड़ने का आह्वान किया.
भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की महत्वाकांक्षा और भविष्य में ओलंपिक की मेजबानी का लक्ष्य खेल इकोसिस्टम को मजबूत करने की जरूरत को और अहम बनाते हैं. इसके लिए सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि देश में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना और फिटनेस को सामाजिक आदत बनाना भी जरूरी है.
Sundays on Cycle का 100वां संस्करण इसी व्यापक सोच को आगे बढ़ाने की एक कोशिश रहा. इसका संदेश स्पष्ट है ओलंपिक की तैयारी सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे देश की तैयारी होनी चाहिए.



