
खूबसूरत महिलाओं से दोस्ती कर, फिर पति के खिलाफ भड़काता! बाद में भरोसा जीतकर करता था ठगी, मथुरा में पकड़ा गया लोकेन्द्र
Mathura fraud case: उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने के आरोपी लोकेन्द्र को गिरफ्तार किया है. हाथरस के रहने वाले आरोपी पर महिलाओं के मन में उनके पति और परिवार के दूसरे सदस्यों के प्रति अविश्वास पैदा करने, उन्हें डराने और गुमराह करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक वह महिलाओं को अपने भरोसे में लेने के बाद धोखाधड़ी से उनके सोने-चांदी के कीमती आभूषण हासिल कर लेता था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के गहने बरामद किए हैं. फिलहाल उससे पूछताछ कर पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से बनाता था संपर्क
मथुरा के थाना हाईवे पुलिस ने आरोपी लोकेन्द्र पुत्र लक्ष्मण को गिरफ्तार किया है. वह हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के नगला सुखा का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से खूबसूरत महिलाओं से संपर्क करता था. इसके बाद वह उनके मन में पति और परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर शक पैदा करने की कोशिश करता था. आरोप है कि वह महिलाओं को डराकर और गुमराह करके अपने जाल में फंसाता था. फिर धोखाधड़ी के जरिए उनके कीमती आभूषण हासिल कर लेता था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस तरीके से कितनी महिलाओं को निशाना बनाया और उसके खिलाफ ठगी की कितनी घटनाएं सामने आई हैं.
कंठी, चेन से लेकर मंगलसूत्र तक बरामद
पुलिस ने लोकेन्द्र के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. इनमें कंठी, चेन, ओम लॉकेट लगी चेन, अंगूठियां, कान के टॉप्स, लॉकेट, हार, कंगन, चूड़ियां और मंगलसूत्र समेत कई तरह के गहने शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये है. इतनी बड़ी मात्रा में गहने मिलने के बाद पुलिस आरोपी से इनके स्रोत और ठगी के कथित तरीकों को लेकर पूछताछ कर रही है. हालांकि, बरामद गहनों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है.



