राजस्थान में जिला परिषद और पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस में खासा उत्साह देखा जा रहा है तो सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है. अब राजस्थान के कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इन चुनावों में बीजेपी के लचर प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों से इस्तीफे की मांग की है. वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायत चुनावों के परिणाम जनादेश के रूप में स्वीकार है. हम इस पर मंथन करेंगे. साथ ही कांग्रेस से कहा कि पार्टी को चुनावी प्रक्रिया पर सवाल लगाने के लिए माफी मांगनी चाहिए.

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने स्थानीय चुनावों में बीजेपी के प्रदर्शन को लेकर आज शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों को नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए. चुनाव के नतीजे ग्रामीण मतदाताओं की ओर से सत्ताधारी पार्टी को पूरी तरह से नकारने का अभूतपूर्व उदाहरण है. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस की जीत पर खुशी जताई है.
37 जिला परिषदों में से 3 में किसी को बहुमत नहीं
पंचायती राज चुनाव के सभी 37 जिला परिषदों और 419 पंचायत समितियों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. जिला परिषदों की कुल 37 सीटों में से कांग्रेस ने 27 तो बीजेपी ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है. 3 जिला परिषदों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला तो 1 सीट पर अन्य ने बाजी मार ली.
राजस्थान के ग्रामीण भाइयोंबहनों का दिल से धन्यवाद। पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी ज़िम्मेदारी है।
ये जवाब BJP की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है – सीधे “डबल इंजन” को।
BJP ने मनरेगा पर हमला किया, किसान को घाटे में डुबोया, पंचायतों के अधिकार छीने। महंगाई, बेरोज़गारी और पलायन ने गाँव सूने कर दिए।
गाँव सब देख रहा था, सह रहा था। अब उसने बोल दिया है।
ये सिर्फ़ राजस्थान का जनादेश नहीं – देश के हर गाँव की आवाज़ है।
— Rahul Gandhi November 20, 2026
पंचायत समिति चुनाव में 60 सीटों पर निर्दलीय जीते
जबकि पंचायत समितियों की कुल 419 सीटों में से कांग्रेस ने 269 और बीजेपी ने 73 सीटों पर जीत हासिल की है. पंचायत समिति चुनावों में अन्य दलों तथा निर्दलीय प्रत्याशियों ने 60 सीटों पर जीत दर्ज की. हालांकि 17 पंचायत समितियों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला.
राज्य चुनाव आयोग की ओर से शाम 6 बजे तक जारी ताजा अपडेट के अनुसार, पंचायत समिति की 7520 सीटों के परिणाम आ चुके हैं जिनमें कांग्रेस ने 3758 तो बीजेपी ने 2213 सीटों पर जीत हासिल की. इसी तरह जिला परिषद के सदस्यों के लिए हुए चुनाव में अब तक घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 744 तो बीजेपी ने 349 सीटों पर जीत दर्ज की है.
3 साल से इनका बोझ सह रही थी जनताः डोटासरा
जयपुर में पार्टी कार्यालय में डोटासरा ने कहा कि जनता ने बीजेपी सरकार को सबक सिखाया है जो अगले महीने अपने वर्तमान कार्यकाल के 3 साल पूरे करने जा रही है. उन्होंने कहा, “पंचायती चुनाव का ऐसा परिणाम आया है जो अब तक राजस्थान के इतिहास में नहीं हुआ. स्थानीय निकाय के चुनाव में परिणाम अमूमन सत्तारूढ़ पार्टी के पक्ष में ही जाते हैं. लेकिन आज इन चुनावों में बीजेपी का सूपड़ा ही साफ हो गया. जनता ने उसे बता दिया कि आप पर भरोसा करके गलती की और आज ब्याज समेत चुका रहे हैं.”
डोटासरा ने आगे कहा, “ऐसे चुनाव परिणाम आज तक के इतिहास में कभी नहीं आए होंगे. जनता पिछले 3 साल से इनका बोझ सह रही थी.” उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले राजस्थान में नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को लगभग बराबर वोट प्रतिशत मिलने के बाद भी बीजेपी ने अपने प्रदर्शन पर जश्न मनाया था.
उन्होंने सत्तारुढ़ पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा, “बीजेपी ने अधिक से अधिक नगर निकाय में नियंत्रण पाने के लिए पुलिस और प्रशासन का जमकर दुरुपयोग किया था लेकिन जनता ने इस बार उसे करारा जवाब दिया है.” उनका कहना है कि पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राजस्थान के नगर निकाय चुनावों के नतीजों को बड़ी जीत के रूप में पेश किया था लेकिन अब ग्रामीण मतदाताओं ने उन्हें उसका मुंहतोड़ जवाब दे दिया है.
हार की जिम्मेदारी कौन लेगाः टीकाराम जूली
डोटासरा ने सीकर में पंचायत समिति चुनावों में शहरी विकास और आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के सदस्यों की हार का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि कई मंत्रियों के इलाकों में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है. नतीजों से पता चलता है कि सरकार के लिए समर्थन में भारी गिरावट आई है.
इस बीच राज्य में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सवाल करते हुए पूछा कि वह जानना चाहते हैं कि इन नतीजों की जिम्मेदारी कौन लेगा मुख्यमंत्री या बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष? उन्होंने कहा कि पिछले 3 सालों में बीजेपी सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को या तो बंद कर दिया है या उन्हें कमजोर कर दिया है. बीजेपी का देश के संविधान के प्रति कोई सम्मान नहीं रह गया है.
कांग्रेस को अब माफी मांगनी चाहिएः राठौड़
दूसरी ओर, पंचायत में शिकस्त का सामना करने के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी ने पंचायत राज संस्थाओं के चुनावों के परिणाम को जनादेश के रूप में स्वीकार कर लिया है. परिणाम को लेकर जल्द ही मंथन किया जाएगा. बीजेपी नेता ने राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के परिणाम आने के बीच यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस ने झूठ और फर्जी विमर्श के सहारे चुनाव लड़ा जबकि बीजेपी ने विकास के मुद्दों पर जनता का समर्थन मांगा था.
साथ ही राठौड़ ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को बारबार चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के लिए अब माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कांग्रेस पर ईवीएम को लेकर बेबुनियाद दावे करने का आरोप लगाया.
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं और बीजेपी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा, “डोटासरा को अब स्वीकार कर लेना चाहिए कि न तो ईवीएम से छेड़छाड़ होती है, न ही किसी तरह की वोट चोरी होती है और न ही चुनाव आयोग किसी दबाव में काम करता है. चुनाव परिणाम कांग्रेस के झूठे आरोपों पर करारा तमाचा हैं.”
परिणाम को सबक के रूप में लेते हुए राठौड़ ने कहा कि पार्टी हार से निराश होने की जगह और अधिक मेहनत करेगी. बीजेपी के कार्यकर्ता पहले से अधिक समय और ताकत लगाकर जनता की सेवा करेंगे, ताकि लोगों का विश्वास दोबारा जीता जा सके.
CM भजन और वसुंधरा राजे को लगा झटका
दूसरी ओर, पंचायत चुनाव में सीएम भजन लाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर से लेकर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया के इलाके झालावाड़ में बीजेपी को बड़ा झटका लगा तो वहीं पंचायत समिति के चुनाव में भी कई क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर दोनों प्रमुख दलों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में भी बीजेपी का जिला परिषद चुनाव में सफाया हो गया है. जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने स्पष्ट बढ़त हासिल करते हुए बीजेपी को पीछे छोड़ दिया है. भरतपुर जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत दर्ज किया जबकि बीजेपी को 9 सीटों पर जीत मिली है. एक सीट हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के खाते में गई.
पिछले जिला परिषद चुनाव में बीजेपी 17 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी जबकि कांग्रेस को 14 सीट मिली थी मगर इस बार तस्वीर बदल गई. कांग्रेस ने न केवल अपनी स्थिति मजबूत की है बल्कि बीजेपी से जिला परिषद की राजनीतिक बढ़त भी छीन ली है.
मंत्री खर्रा की पत्नी, बेटे और भाई सब हारे
इस बीच राजस्थान के कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी और बेटे दुर्गा सिंह खर्रा और अजय सिंह चुनाव हार गए. खर्रा के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा भी चुनाव हार गई.
कठूमर के विधायक रमेश खींची की दोनों बहुएं दीपिका और बिंदु चुनाव हार गईं. अलवर की कठूमर पंचायत समिति में सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव भी हार गए. इसी तरह दौसा जिले के सिकंदरा पंचायत समिति के वार्ड 13 में आईएएस समर सिंह गुर्जर की पत्नी पिंकी गुर्जर भी चुनाव हार गईं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। नागौर पंचायत समिति के वार्ड 5 से आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल की बहन दाखु देवी चुनाव जीत गई हैं. डेगाना पंचायत समिति में बीजेपी विधायक अजय सिंह किलक की भाभी मनदीप चौधरी चुनाव हार गई.



