कई लोगों को सिर की त्वचा पर डैंड्रफ की समस्या होती है. इसमें सिर से सफेद या हल्के पीले रंग की परतें निकल सकती हैं और बालों या कपड़ों पर दिखाई दे सकती हैं. इसके साथ सिर में खुजली, रूखापन या हल्की जलन भी महसूस हो सकती है. डैंड्रफ की समस्या अक्सर सिर की त्वचा में तेल और रूखेपन के बीच संतुलन बिगड़ने से जुड़ी होती है. मौसम में बदलाव और बालों की सही देखभाल न करने से भी कुछ लोगों में यह परेशानी बढ़ सकती है.

हालांकि, हर बार सिर में परतें और खुजली होना सामान्य नहीं होता. कुछ लोगों में किसी दूसरी प्रॉब्लम की वजह से भी ऐसी परेशानी हो सकती है. ऐसे मामलों में सिर की त्वचा पर ज्यादा लालिमा, मोटी परतें, तेज खुजली, जलन या घाव जैसी समस्या दिखाई दे सकती है. अगर डैंड्रफ बारबार हो रहा है या ठीक नहीं हो रहा, तो इसकी वजह समझना जरूरी है. आइए जानते हैं डैंड्रफ के गंदगी के अलावा क्या कारण हो सकते हैं.
डैंड्रफ के पीछे गंदगी के अलावा क्या कारण हो सकते हैं?
डैंड्रफ का एक आम कारण सेबोरिक डर्मेटाइटिस है. इसमें सिर की त्वचा पर लालिमा, खुजली और परतें बनने लगती हैं. यह सिर्फ गंदगी की वजह से नहीं होता. सिर की त्वचा पर मौजूद तेल और त्वचा की प्रतिक्रिया इसमें भूमिका निभा सकते हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कुछ लोगों में यह समस्या भौंहों, नाक के आसपास, कान या छाती पर भी दिखाई दे सकती है.
इसके अलावा सोरायसिस जैसी स्किन प्रॉब्लम भी सिर पर मोटी परत और खुजली का कारण बन सकती है. हेयर प्रोडक्ट्स से होने वाली जलन भी सिर की त्वचा पर परेशानी पैदा कर सकती है. अगर डैंड्रफ की समस्या बारबार होती है या लंबे समय तक ठीक नहीं होती, तो इसकी सही वजह जानने के लिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
डैंड्रफ की समस्या से छुटकारा पाने के लिए क्या करें?
डैंड्रफ के लिए सबसे पहले एंटीडैंड्रफ शैंपू का इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर इससे परेशानी कम नहीं होती या डैंड्रफ बारबार लौटता है, तो डॉक्टर से सलाह लें. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर ऐसी दवा या शैंपू दे सकते हैं, जिसमें एंटीफंगल दवा होती है.
सिर की त्वचा को बहुत ज्यादा खुजलाने से बचें, क्योंकि इससे जलन बढ़ सकती है. डैंड्रफ लंबे समय तक रहने वाली समस्या हो सकती है, इसलिए डॉक्टर ने जो इलाज बताया है, उसे बीच में छोड़ने से परेशानी फिर लौट सकती है.
डैंड्रफ की समस्या में कब डॉक्टर से मिलें?
अगर डैंड्रफ बारबार हो रहा है और सामान्य एंटीडैंड्रफ शैंपू से कम नहीं हो रहा, तो त्वचा के डॉक्टर से सलाह लें. सिर की त्वचा पर ज्यादा लालिमा, मोटी परत, तेज खुजली या जलन हो, तब भी जांच कराना बेहतर है. अगर परतें सिर के अलावा भौंहों, नाक के आसपास, कान या छाती पर भी दिखाई देने लगें, तो डॉक्टर को दिखाएं.
कुछ मामलों में डैंड्रफ के पीछे सेबोरिक डर्मेटाइटिस या दूसरी स्किन प्रॉब्लम हो सकती है. सही वजह पता चलने पर डॉक्टर उसी के हिसाब से इलाज बता सकते हैं.



