Tuesday, February 24, 2026
Crime

‘घर बैठी हो, शादी भी नहीं हो रही तुम्हारी…’, मुजफ्फरनगर में तानों से तंग आकर दो बेटियों ने पिता को मार डाला, कबूला खौफनाक सच!

‘घर बैठी हो, शादी भी नहीं हो रही तुम्हारी…’, मुजफ्फरनगर में तानों से तंग आकर दो बेटियों ने पिता को मार डाला, कबूला खौफनाक सच!
‘घर बैठी हो, शादी भी नहीं हो रही तुम्हारी…’, मुजफ्फरनगर में तानों से तंग आकर दो बेटियों ने पिता को मार डाला, कबूला खौफनाक सच

पिताजी हम बेटा-बेटी में फर्क समझते थे. बात-बात पर टोका-टोकी करना, ताने कसना और ये कहना कि तुम घर पर खाली बैठी हो. शादी भी नहीं हुई है तुम्हारी. इससे समाज में हमारी बदनामी हो रही है… इन सब बातों ने हमें तोड़ दिया था. इसी नफरत में हमने मिलकर उनकी हत्या की योजना बनाई… ये सनसनीखेज कबूलनामा उन दो बेटियों का है, जिन्होंने अपने ही पिता की गला रेतकर निर्मम हत्या कर डाली. मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के मोरना कस्बे में हुए इस हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों बेटियों को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना रविवार देर रात की है. मोरना निवासी 60 वर्षीय दलित किसान राम प्रसाद अपने घर में सो रहे थे. सोमवार सुबह जब परिवार के अन्य सदस्य जागे, तो घर का नजारा देख उनकी रूह कांप गई. राम प्रसाद का शव चारपाई के नीचे खून से लथपथ पड़ा था. उनका गला बेरहमी से रेता गया था और पेट पर भी चाकू के गहरे निशान थे. सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल, भारी पुलिस फोर्स और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

पत्नी का बयान और पुलिस का शक

मृतक की पत्नी चंद्रकली ने बताया कि रात करीब 2 बजे राम प्रसाद ने पानी पिया था और वह खुद दवाई खाकर सो गई थीं. सुबह उठने पर उन्हें घटना का पता चला. हालांकि, पुलिस को मौके पर मिले साक्ष्यों, जैसे घर के अंदर ही हाथ धोने के निशान और खून के धब्बों ने चौंका दिया. शक की सुई घर के ही सदस्यों पर घूमी और पुलिस ने मृतक की दो बेटियों, 32 वर्षीय कोमल और एक 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

दो दिन से बना रही थीं हत्या की योजना

पूछताछ के दौरान दोनों बहनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उन्होंने बताया कि वे पिछले दो दिनों से पिता को रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर रही थीं. सोमवार रात जब उन्होंने पिता को समझाने की कोशिश की, तो पिता ने फिर से कोई कड़वी बात कह दी. इसके बाद आवेश में आकर दोनों ने चाकू से हमला कर पिता की हत्या कर दी.

सबूत मिटाने की शातिर कोशिश

हत्या के बाद दोनों बेटियों ने साक्ष्य मिटाने की पूरी कोशिश की. उन्होंने खून से सने अपने कपड़े और कत्ल में इस्तेमाल किया गया चाकू एक पोटली में बांधकर घर में रखे भूसे के ढेर में छिपा दिया था. पुलिस ने बेटियों की निशानदेही पर यह पोटली और आला-कत्ल बरामद कर लिया है.

पुलिस अधिकारियों का बयान

एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया- 112 के माध्यम से सूचना मिलते ही एसओजी और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में ही घर के सदस्यों पर शक था. पूछताछ में बेटियों ने बताया कि पिता के व्यवहार और तानों से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया. बड़ी बेटी की उम्र लगभग 32 साल है, जबकि छोटी बेटी इंटर की छात्रा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.

(रिपोर्ट: रविंद्र सिंह)

me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply