अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी एपल अब स्मार्ट होम मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है. कंपनी जल्द ही कई नए स्मार्ट होम डिवाइस पेश कर सकती है. खास बात यह है कि इनमें से कुछ प्रोडक्ट दक्षिण कोरियाई कंपनी LG इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ मिलकर तैयार किए जा रहे हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इनमें स्मार्ट डोरबेल, स्मार्ट लॉक, थर्मोस्टेट और सिक्योरिटी कैमरे शामिल हैं.

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, एपल इन डिवाइस को अपने नए स्मार्ट होम हब के साथ जोड़कर एक पूरा इकोसिस्टम तैयार करना चाहती है. इसके साथ नया HomePod mini और नया TV सेटटॉप बॉक्स भी पेश किया जा सकता है. एपल के नए स्मार्ट होम डिवाइस 13 अक्टूबर को पेश किए जाने की उम्मीद है.

इन प्रोडक्ट्स को लाने की तैयारी

दावा किया जा रहा है कि LG के साथ मिलकर तैयार किए जा रहे प्रोडक्ट LG के ब्रांड नाम से बाजार में आएंगे. इनकी मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री के बाद की सर्विस की जिम्मेदारी भी LG संभालेगी. इस लाइनअप में LG वायर्ड वीडियो डोरबेल, फ्लडलाइट कैम, आउटडोर कैमरा, इनडोर कैमरा, स्मार्ट डेडबोल्ट लॉक, स्मार्ट थर्मोस्टेट और टेम्परेचर सेंसर जैसे प्रोडक्ट शामिल हो सकते हैं.

मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस होंगे डिवाइस

इन डिवाइस में WiFi और ब्लूटूथ के साथ थ्रेड और मैटर जैसे स्मार्ट होम स्टैंडर्ड का सपोर्ट मिलेगा. स्मार्ट लॉक में UWB यानी अल्ट्रा वाइड बैंड तकनीक भी दी जा सकती है. इसकी मदद से यूजर के घर के पास पहुंचने पर दरवाजा अपने आप अनलॉक हो सकता है. हालांकि, एपल और LG ने इस पार्टनरशिप पर कोई बयान नहीं दिया है. दिलचस्प बात ये है कि LG ने हाल ही में इन डिवाइस के लिए अमेरिका में रेगुलेटरी मंजूरियों की प्रोसेस शुरू की है, लेकिन दस्तावेजों एपल का जिक्र नहीं है.

बाजार में कब आएंगे प्रोडक्ट

रिपोर्ट के मुताबिक, LG के नए डिवाइस को ग्राहकों तक पहुंचने में अभी कुछ महीने लग सकते हैं. एपल के लिए यह कदम उसके HomeKit प्लेटफॉर्म को दोबारा मजबूत करने की कोशिश माना जा रहा है. HomeKit को कंपनी ने 2014 में लॉन्च किया था, लेकिन यह Amazon और Google के स्मार्ट होम प्लेटफॉर्म जितना लोकप्रिय नहीं हो पाया. अब एपल अपने स्मार्ट होम डिवाइस और Siri AI असिस्टेंट के जरिए इस सेगमेंट में नई शुरुआत करना चाहती है. कंपनी भविष्य में प्राइवेसी पर फोकस करने वाला होम मॉनिटरिंग डिवाइस, रोबोटिक आर्म वाला स्मार्ट होम हब और इनहोम सिक्योरिटी सर्विस भी ला सकती है.