
Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवती पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. मोतीपुर थाना क्षेत्र में 22 साल की युवती बिहार पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी. वह रोज सुबह दौड़ लगाने जाती थी. आरोप है कि गांव का ही एक युवक पिछले कुछ समय से उसे परेशान कर रहा था. मंगलवार को मामला इतना बढ़ गया कि युवक कथित तौर पर युवती का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गया और चाकू से हमला कर दिया.
रास्ते में रोककर की बदसलूकी
जानकारी के अनुसार, युवती मंगलवार सुबह रोज की तरह दौड़ लगाने गई थी. लौटते समय रास्ते में रवि कुमार नाम के युवक ने उसे रोक लिया. आरोप है कि युवक उससे बात करने की जिद करने लगा और बदसलूकी करने लगा. युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की. उसने युवती को धमकाया भी. किसी तरह युवती वहां से बचकर अपने घर पहुंची.
पीछा करते हुए घर में घुसा
युवती को लगा कि अब मामला खत्म हो गया लेकिन आरोप है कि युवक उसका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहां भी उसने हंगामा शुरू कर दिया. इसी दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और युवती पर हमला कर दिया. चाकू युवती के सिर में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसके शोर मचाने पर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया.
अस्पताल में इलाज, आरोपी की तलाश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवती को मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां उसका इलाज चल रहा है. युवती ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि युवती के साथ पहले बदसलूकी और मारपीट की गई, जिसके बाद घर पहुंचकर उस पर चाकू से हमला किया गया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.



