लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचकर छात्रों के साथ आयोजित होने वाले ‘संवाद कार्यक्रम गूंज’ में हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम केपी ग्राउंड में होगा. इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय प्रयागराज पहुंचे. इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रणनीति पर चर्चा की गई, लेकिन राहुल गांधी के ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की तैयारियों के बीच कांग्रेस में हंगामा हो गया. कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये.

प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में मंच पर चढ़ने को लेकर में झड़प हुई. बैठक के दौरान हाथापाई की नौबत आ गई. नेताओं के सामने ही पार्टी नेताओं की गुटबाजी दिखी.
8 अगस्त को प्रयागराज में राहुल करेंगे छात्रों से संवाद
8 अगस्त को प्रयागराज में राहुल गांधी करेंगे ‘गूंज’ कार्यक्रम, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर छात्रों से संवाद करेंगे, कार्यक्रम में प्रयागराज समेत आसपास के जिलों से डेढ़ लाख से अधिक छात्रों के जुटने का दावा किया गया.
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने केंद्र सरकार पर शिक्षा, रोजगार और आर्थिक नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है और उच्च शिक्षा आम परिवारों की पहुंच से बाहर हो गई है. उनका दावा था कि मेडिकल, इंजीनियरिंग और लॉ जैसी पढ़ाई पर लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है, जिसे अधिकांश परिवार वहन नहीं कर सकते.
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं से हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन रोजगार देने के बजाय शिक्षा व्यवस्था को भी महंगा बना दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों की स्थिति लगातार खराब हुई है और बड़ी संख्या में बच्चे सरकारी शिक्षा व्यवस्था से बाहर हुए हैं. उनके अनुसार शिक्षा और स्वास्थ्य को उद्योग बना दिया गया है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है.
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर बोला हमला
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर राजनीतिक और वैचारिक हमले भी किए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और आने वाले विधानसभा व लोकसभा चुनावों में इन्हें प्रमुख मुद्दा बनाएगी.
वाराणसी में सांसद पप्पू यादव के खिलाफ दर्ज मुकदमे के सवाल पर भी राजेंद्र पाल गौतम ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है.
समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर डिंपल यादव के पोस्टर लगाए जाने और उन्हें भविष्य के प्रधानमंत्री चेहरे के तौर पर पेश किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पोस्टर लगाना किसी भी राजनीतिक दल का अधिकार है, लेकिन उनका दावा है कि देश की जनता राहुल गांधी के नेतृत्व की ओर देख रही है.
वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा पार्टी संगठन में किए गए हालिया बदलाव और आकाश आनंद से जुड़े सवाल पर राजेंद्र पाल गौतम ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए इसे बसपा का आंतरिक मामला बताया.



