Friday, March 13, 2026
Crime

प्राइवेट फोटो से कर रहा था ब्लैकमेल… फिर आधी रात घर पहुंचा और सो रही 12वीं की छात्रा के सिर-सीने में मार दी गोली, बस्ती की वारदात ने सबको दहला दिया!

प्राइवेट फोटो से कर रहा था ब्लैकमेल… फिर आधी रात घर पहुंचा और सो रही 12वीं की छात्रा के सिर-सीने में मार दी गोली, बस्ती की वारदात ने सबको दहला दिया!
प्राइवेट फोटो से कर रहा था ब्लैकमेल… फिर आधी रात घर पहुंचा और सो रही 12वीं की छात्रा के सिर-सीने में मार दी गोली, बस्ती की वारदात ने सबको दहला दिया!

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बोर्ड परीक्षा दे रही 12वीं की एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक पहले से ही छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में फरार चल रहा था और अचानक गांव लौटकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

घटना बैडारी एहतमाली गांव की है, जहां सोमवार देर रात करीब एक बजे छात्रा अपने घर के बरामदे में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का रहने वाला मंदीप हथियार लेकर वहां पहुंचा और सोती हुई किशोरी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जाता है कि उसने छात्रा के सिर और सीने में गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और पास में सो रहा भाई जाग गए। इस दौरान आरोपी ने उन पर भी हथियार तान दिया और मृतका की मां पर भी फायर करने की कोशिश की, हालांकि वह बाल-बाल बच गईं।

परिजनों के अनुसार, आरोपी ने पहले छात्रा से दोस्ती की थी और बाद में किसी तरह उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो अपने पास कर लिए। इन्हीं के जरिए वह उसे लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था। आरोप है कि 18 दिसंबर 2025 को आरोपी ने छात्रा की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आईटी एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।

घटना के समय छात्रा अपनी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। जिस बरामदे में उसकी हत्या हुई, वहां उसकी किताबें और पढ़ाई का सामान अब भी पड़ा हुआ था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिवार को उम्मीद थी कि वह पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करेगी और आगे का भविष्य संवार पाएगी, लेकिन इस घटना ने परिवार की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पहले से वांछित होने के बावजूद आरोपी दोबारा गांव में कैसे पहुंच गया और उस पर निगरानी क्यों नहीं रखी गई।

me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply