रोज़मर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाला साबुन किसी की जान के लिए खतरा बन सकता है, यह शायद ही किसी ने सोचा होगा. लेकिन ग्वालियर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है. एक मासूम नहाने के लिए साबुन उठाया और चेहरे पर ब्लेड से गहरा कट लग गया. वजह थी साबुन के अंदर छिपा हुआ ब्लेड. इस मामले में उपभोक्ता आयोग ने साबुन निर्माता कंपनी सहित दुकानदार और वितरक को जिम्मेदार मानते हुए कुल 56 हजार रुपए की क्षतिपूर्ति और जुर्माना लगाया है.

ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में रहने वाले अंगद तोमर आनंद नगर स्थित एक किराना दुकान से एक बड़े ब्रांड के 10 साबुन खरीदकर लाए थे. अगले दिन उनका बेटा उन्हीं साबुनों में से एक से नहाने पहुंचा. जैसे ही बच्चे ने साबुन का इस्तेमाल किया, उसके चेहरे के पास गहरा कट लग गया. देखते ही देखते खून निकलने लगा. परिवार ने जब साबुन को ध्यान से देखा तो उनके होश उड़ गए. साबुन के अंदर ब्लेड फंसा हुआ था.
दूसरे साबुन में भी मिला ब्लेड
पहले जब परिवार ने दुकानदार से शिकायत की तो उसने इस बात को साफ इनकार कर दिया और वाद विवाद करने लगा लेकिन बाद में विवाद बढ़ता देखा उसे दूसरा साबुन दिया गया, लेकिन हैरानी तब और बढ़ गई जब दूसरे साबुन को घिसकर देखने पर उसमें भी ब्लेड फंसा मिला. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद पीड़ित परिवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया.
सुनवाई के दौरान निर्माता कंपनी ने अपना बचाव करते हुए कहा कि संबंधित बैच के 14 अन्य साबुनों की प्रयोगशाला में जांच कराई गई थी, लेकिन उनमें कोई ब्लेड नहीं मिला. कंपनी ने आशंका जताई कि साबुन में जानबूझकर ब्लेड डाला गया होगा. हालांकि आयोग कंपनी की इस दलील से संतुष्ट नहीं हुआ और शिकायत को खारिज करने का आधार नहीं माना.
निर्माता कंपनी पर कितना लगा जुर्माना?
पीड़ित परिवार ने बच्चे को हुई परेशानी और घटना के लिए साढ़े तीन लाख रुपए के हर्जाने की मांग की थी. हालांकि इलाज से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने के कारण आयोग ने पूरी मांग स्वीकार नहीं की. इसके बावजूद निर्माता कंपनी पर 50 हजार रुपए क्षतिपूर्ति और 2 हजार रुपए प्रकरण खर्च लगाया गया. वहीं दुकानदार और वितरक पर 22 हजार रुपए की क्षतिपूर्ति तय की गई. इस तरह कुल 56 हजार रुपए देने का आदेश दिया गया.



