कांग्रेस नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए डोनाल्ड ट्रंप, व्लादिमिर पुतिन और शी जिनपिंग की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी. इस पर राहुल ने लिखा था कि अगर कांग्रेस की सरकार होती, तो भारत का प्रधानमंत्री भी इनके साथ मेज पर बैठा होगा. राहुल के इस पोस्ट पर अब भाजपा ने पलटवार किया है.

भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल के पोस्ट को कोट करते हुए लिखा कि अगर कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सीट चीन को सौंप दी थी. भंडारी ने कांग्रेस पर पाकिस्तान के प्रेम में पड़कर विदेश नीति तैयार करने का आरोप भी लगाया.

भाजपा ने राहुल को घेरा

प्रदीप भंडारी ने अपने पोस्ट में 4 पॉइंटर्स लिखकर राहुल पर हमला बोला. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘राहुल, अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत 2013 की तरह ही ब्रिक्स की सदस्यता खो देता और वैश्विक कूटनीतिक मंच पर हाशिए पर चला जाता. जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सीट चीन को सौंप दी थी.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसने पाकिस्तान के प्रति अपने प्रेम के चलते शर्मअलशेख में भारत की सुरक्षा से समझौता कर लिया था. जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब नेहरू की चीन नीति का नतीजा 1962 के युद्ध में मिली अपमानजनक हार के रूप में सामने आया.’

प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को निशाते पर लेते हुए कहा कि भारत को कांग्रेस से सीख लेने की कोई ज़रूरत नहीं है, जिसने पाकिस्तान के प्रति अपने प्रेम को केंद्र में रखकर भारत की विदेश नीति तैयार की थी.

राहुल गांधी ने क्या पोस्ट किया था?

दरअसल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 19 नवंबर को चीन से शेनझेन शहर में मिले थे. इस दौरान तीनों नेताओं ने एक त्रिपक्षीय बैठक भी की थी. इसी मीटिंग की तस्वीर राहुल गांधी ने पोस्ट की थी.

तस्वीर के साथ राहुल ने कैप्शन में लिखा था अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत का प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठा होता. एक समझौता किया हुआ प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता.

राहुल ने विदेश नीति पर भी उठाए थे सवाल

राहुल गांधी ने इससे पहले अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाए थे. उन्होंने बुधवार को कहा था कि भारत दुनिया के मामलों में अब बड़ी भूमिका नहीं निभा रहा है, जबकि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में शामिल है.

उन्होंने कहा कि भारत का आकार और दूसरे देशों के साथ उसके रिश्ते उसे दुनिया के बड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने का मौका देते हैं. आजादी के बाद भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन का नेतृत्व करता था और दुनिया में उसकी अलग पहचान थी.