बॉलीवुड अभिनेत्री अदिति राव हैदरी आज यानी की 28 अक्टूबर को अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने अपनी खूबसूरती और एक्टिंग से फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है। उनके द्वारा निभाए गए किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। हालांकि अभिनेत्री की असल जिंदगी की कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर अभिनेत्री अदिति राव हैदरी के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…

जन्म और परिवार

हैदराबाद 28 अक्टूबर को अदिति राव हैदरी का जन्म हुआ था। अदिति का ताल्लुक दो शाही घरानों से जुड़ा रहा है। दरअसल, उनके नाना जे. रामेश्वर राव वानापर्थी के राजा थे और परदादा अकबर हैदरी हैदराबाद रियासत के प्रधानमंत्री थे। लेकिन अदिति ने अपनी पहचान परिवार के नाम के सहारे नहीं बल्कि अपनी मेहनत और काम के जरिए बनाई।

फिल्मी सफर

बचपन से ही अदिति राव हैदरी को डांस में दिलचस्पी थी। ऐसे में उन्होंने भरतनाट्यम की ट्रेनिंग ली और इस कला ने उनके अभिनय के सफर में अहम भूमिका निभाई। साल 2008 में अदिति ने मलयालम फिल्म ‘प्रजापति’ से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद वह हिंदी फिल्मों में काम करने लगीं। अदिति राव हैदरी को असली पहचान फिल्म ‘दिल्ली6’ और ‘ये साली जिंदगी’ से मिली।

इसके बाद अभिनेत्री ने ‘मर्डर 3’, ‘वजीर’, ‘रॉकस्टार’, ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ और ‘पद्मावत’ जैसी फिल्मों में काम किया। इसके अलावा उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया और अपनी पहचान बनाई। अदिति राव हैदरी ने हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु और मलयालम सिनेमा में भी काम किया है। वह सिर्फ खूबसूरत लगने वाले किरदारों तक ही सीमित नहीं रहीं बल्कि अभिनेत्री ने अपनी एक्टिंग से भी लोगों को प्रभावित किया।

पर्सनल लाइफ

अदिति राव हैदरी ने 21 साल की उम्र में अभिनेता सत्यदीप मिश्रा से शादी की थी। वह पेशे से वकील और सिविल सर्वेंट रह चुके थे और बाद में उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। लेकिन दोनों का रिश्ता लंबे समय तक नहीं चला और उनकी राहें अलग हो गईं। हालांकि सत्यदीप की फैमिली के साथ आज भी अदिति का रिश्ता खास है।

पहली शादी के बाद एक्ट्रेस की जिंदगी में एक बार फिर प्यार ने दस्तक दी। अभिनेता सिद्धार्थ और अदिति राव हैदरी की मुलाकात फिल्म ‘महा समुद्रम’ के दौरान हुई थी। काम करने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। लेकिन कपल ने लोगों की नजरों से अपनी निजी जिंदगी को दूर रखा। मार्च 2024 में अदिति और सिद्धार्थ ने सगाई की जानकारी थी। फिर सितंबर 2024 में सिद्धार्थ और अदिति ने तेलंगाना के एक मंदिर में सादगी से शादी कर ली।