
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में शादी का एक ऐसा मामला सामने आया है जहां प्रेमिका के पिता की कही एक बात को युवक ने सच मान लिया और अगले ही दिन बारात लेकर उनके दरवाजे पर पहुंच गया।
दरअसल तीन साल से एक-दूसरे से प्यार करने वाले युवक-युवती शादी करना चाहते थे। दिवाली की रात युवक ने हिम्मत जुटाकर प्रेमिका के पिता से शादी की बात की तो उन्होंने टालने के अंदाज में कह दिया कि ‘कल बारात लेकर आ जाना।’
युवक ने इसे शादी की मंजूरी समझ लिया और सोमवार को अपने परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ लड़की के घर बारात लेकर पहुंच गया। अचानक दरवाजे पर बारात देखकर लड़की के घरवाले भड़क गए। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मामला पुलिस थाने पहुंचा जहां घंटों चली बातचीत के बाद युवती अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ चली गई।
तीन साल से चल रहा था अफेयर, शादी करना चाहते थे दोनों
मामला हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के असरा गांव का है। पुलिस के मुताबिक बाबूगढ़ इलाके के लुकराड़ा गांव के रहने वाले एक युवक का असरा गांव की युवती से करीब तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे लेकिन युवती के घरवाले इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे।
रिपोर्ट के मुताबिक दिवाली की रात युवक अपनी प्रेमिका से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान युवती के पिता को इसकी जानकारी हो गई। इसके बाद युवक ने उनसे शादी कराने की गुजारिश की।
बताया जा रहा है कि युवती के पिता ने बात टालने के लिए कह दिया कि कल बारात लेकर आ जाना शादी करा देंगे। लेकिन युवक ने उनकी बात को मजाक समझने के बजाय शादी की मंजूरी मान लिया।
अगले दिन बारात लेकर पहुंच गया प्रेमी, घरवालों ने कर दी पिटाई
सोमवार, 9 नवंबर की दोपहर युवक अपने परिवार के लोगों, रिश्तेदारों और दोस्तों को साथ लेकर प्रेमिका के घर पहुंच गया। उसे पूरी उम्मीद थी कि अब उसकी शादी हो जाएगी। लेकिन अचानक इतने लोगों को घर के बाहर देखकर युवती के परिजन नाराज हो गए। शादी की बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान युवक और उसके साथ आए लोगों से भी मारपीट की गई। हंगामा बढ़ने पर किसी ने पुलिस को खबर दे दी।
थाने में चार घंटे चली पंचायत, प्रेमिका ने कहा- उसी के साथ जाऊंगी
सूचना मिलते ही हापुड़ देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां करीब चार घंटे तक बातचीत और समझौते की कोशिश चलती रही। इसी दौरान युवती ने पुलिस के सामने कह दिया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहना चाहती है। युवक भी बालिग था और दोनों लंबे वक्त से एक-दूसरे को जानते थे। युवती के फैसले के बाद दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने युवती की सहमति पर उसे युवक के साथ भेज दिया।
पुलिस ने बताया कैसे सुलझा पूरा मामला
हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक के मुताबिक, युवक और युवती दोनों पढ़े-लिखे और बालिग हैं। उनके बीच कई साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दिवाली की रात युवक ने युवती के पिता से शादी कराने की गुजारिश की थी। अगले दिन वह अपने लोगों के साथ लड़की के घर पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हो गई।
पुलिस ने दोनों परिवारों से बातचीत की, जिसके बाद वे समझौते के लिए राजी हो गए। युवती ने भी युवक के साथ जाने की इच्छा जताई, इसलिए उसे युवक पक्ष के साथ भेज दिया गया। हालांकि, दोनों की शादी की रस्में पूरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की शादी जल्द कराए जाने की बात कही गई है।



