
Deoghar SBI ATM Robbery VIDEO: झारखंड के देवघर में चोरों ने चोरी का ऐसा तरीका अपनाया कि सुबह घटना का पता चलने पर हर कोई हैरान रह गया. 5 बदमाश रात के अंधेरे में SBI के एक ATM बूथ में घुसे थे. उनका इरादा मशीन में रखी नकदी निकालने का था, लेकिन जब कैश बॉक्स खोलने में कामयाबी नहीं मिली, तो उन्होंने ऐसा कदम उठाया जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की होगी. चोरों ने गाड़ी और रस्सियों की मदद से पूरे के पूरे एटीएम मशीन को ही उखाड़ लिया और उसे अपनी गाड़ी में लादकर फरार हो गए. अब इस फिल्मी वारदात का CCTV वीडियो चर्चा में है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
शटर काटकर कैश निकालने में हुए फेल
देवघर के नगर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले नंदन पहाड़ इलाके में चोरों ने बड़ी ही चालाकी से एसबीआई के एटीएम को अपना शिकार बनाया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पांच से ज्यादा की संख्या में आए बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम बूथ का शटर काटा और अंदर घुसकर कैश चुराने की कोशिश की. लेकिन जब वे तिजोरी या कैश बॉक्स को तोड़ने में पूरी तरह असफल रहे, तो उन्होंने अपनी रणनीति बदली और एटीएम मशीन को ही चुराने का प्लान बना डाला.
गाड़ी और रस्सियों से उखाड़ ले गए पूरा एटीएम
जब चोरों से कैश नहीं निकला, तो उन्होंने बाहर खड़ी अपनी बड़ी गाड़ी से मजबूत रस्सी को एटीएम मशीन में बांध दिया. इसके बाद गाड़ी को खींचते हुए उन्होंने पूरे एटीएम को उसकी फाउंडेशन या नींव से उखाड़कर बाहर निकाल लिया. इसके बाद बदमाशों ने उस भारी-भरकम एटीएम मशीन को अपनी गाड़ी में लादा और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, भनक तक किसी को नहीं लगी.
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा और पुलिस की जांच
इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब सुबह होने पर लोगों ने टूटा हुआ बूथ देखा और सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे चोरों ने गाड़ी और रस्सी के सहारे एटीएम को खिंचकर गायब किया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसबीआई मैनेजमेंट तुरंत एक्शन में आ गए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टॉवर डंप की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी कोआर्डिनेट किया जा रहा है.
पुलिस से लेकर जनता तक पर उठे सवाल
इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच कई सवाल खड़े हो गए हैं. लोगों का कहना है कि जब एटीएम को काटा और खींचा जा रहा होगा, तब काफी आवाज आई होगी, लेकिन आसपास के लोगों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? इसके अलावा, रात के समय होने वाली पुलिस पेट्रोलिंग और गश्त टीम पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर कैसे भाग निकले. फिलहाल पुलिस जल्द ही आरोपियों को दबोचने का दावा कर रही है.



