आईआईटी खड़गपुर के चेदीज चाय वाले की तो किस्मत ही बदल गई, आखिर इस चाय वाले का जिक्र जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में किया है. प्रधानमंत्री मोदी बीते शनिवार को आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि देश विदेश में आईआईटी के कई प्रतिष्ठान हैं. इन प्रतिष्ठानों में पढ़ाई कर चुके कई पूर्व छात्र आज दशकों बाद भी परिसर में गुजारे दिनों को नहीं भूल पाते.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि इस कैंपस में मौजूद चेदीज चाय वाले को आज दशकों बाद भी कई प्रतिष्ठित पूर्व छात्र याद करते होंगे. जैसे ही प्रधानमंत्री ने परिसर की इस मशहूर चाय वाले की दुकान का नाम लिया, वहां मौजूद छात्र और संस्थान के अधिकारी कर्मचारी तालियां बजाने लगे. सात दशकों से भी अधिक समय से कैंपस में यह चाय की दुकान है. शुरूआत में लंबे समय तक कैंपस में यह इकलौती चाय और कॉफी की दुकान रही है. हालांकि अब तक यहां काफी दुकानें खुल गई हैं.
बदल गई चाय वाले की किस्मत
इस संस्थान में पढ़ाई कर आज बड़ी संख्या में पूर्व छात्र देश और विदेश में हैं. यह सभी छात्र इस दुकान पर बैठकर जरूर यहां की चाय का आनंद ले चुके हैं. ऐसे में छात्रों और पूर्व छात्रों की कई पीढ़ियों की यादों का यह अभिन्न अंग भी है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब, इस दुकान का नाम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जुबान पर भी आ गया. इसकी वजह से एक तरफ दुकान मालिक की तो किस्मत ही बदल गई. वहीं स्थानीय निवासी और छात्र भी उत्साह से भर गए हैं.
कौन है चेदीज चाय वाला?
दुकान के मालिक 28 वर्षीय शाहरुख खान हैं. वह कहते हैं कि 11 वर्ष की उम्र से ही वह दुकान पर बैठ रहे हैं. वह कहते हैं कि पहले दुकान पर उनके दादाजी अनवर खान बैठते थे. वो भी दादाजी के साथ दुकान पर आते थे. उन्होंने बताया कि आईआईटी खड़गपुर की स्थापना 1951 में हुई. फिर छह साल बाद 1957 में उनके दादाजी ने कैंपस में छोटी सी दुकान शुरू की. बाद में वह दुकान को कैंपस के अंदर से बाहर पुरी गेट पर ले आए. उन्होंने बताया कि उनके दादा जी को लोग प्यार से ‘छेड़ी’ कहते थे. इसलिए इसी नाम से दुकान का भी नाम हो गया.
मिल रही बधाइयां
शाहरुख के मुताबिक जब से प्रधानमंत्री ने उनकी दुकान का नाम लिया है, उन्हें खूब बधाइयां मिल रही हैं. लोग उन्हें फोन कर रहे हैं. इससे वह भावुक हो गए हैं. शाहरुख के मुताबिक इससे उनका सीना गर्व से फूल गया है, लेकिन इसी के साथ उन्हें अपनी दुकान की प्रतिष्ठा को बचाए रखने की जिम्मेदारी और चुनौती भी बढ़ गई है. उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर दादाजी के समय में सुंदर पिचाई और अरविंद केजरीवाल जैसी कई मशहूर हस्तियां भी आकर बैठती थीं.
आज भी है वही स्वाद
आईआईटी खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती के मुताबिक एक समय में यह दुकान छात्रों के लिए चाय के मुख्य स्रोतों में से एक थी. सभी पूर्व छात्र वहीं चाय पीते थे. प्रधानमंत्री ने इसके बारे में पूर्व छात्रों से सुना था. इसीलिए उनके भाषण में इस चाय का जिक्र आया. अब तो यहां कई दुकानें हैं, चेदीज का स्वाद आज भी कायम है. उन्होंने बताया कि समय के साथ कैंपस बदल गया, दुकानों की संख्या बढ़ गईं, खानेपीने का मेन्यू भी बदल गया है.



