अमेरिकी विदेश मंत्रालय (State Department) ने पाकिस्तान के पेशावर में स्थित अपने वाणिज्य दूतावास को स्थायी रूप से बंद करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। अफगान सीमा के सबसे करीब स्थित यह राजनयिक मिशन दशकों तक दक्षिण एशिया में अमेरिकी हितों, रसद आपूर्ति और खुफिया ऑपरेशन्स का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) द्वारा बुधवार को प्राप्त अधिसूचना की एक प्रति के अनुसार, मंत्रालय ने इस सप्ताह कांग्रेस को वाणिज्य दूतावास को बंद करने के अपने इरादे के बारे में सूचित किया और कहा कि इससे प्रति वर्ष 75 लाख अमेरिकी डॉलर की बचत होगी तथा पाकिस्तान में अमेरिकी राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने की उसकी क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ट्रंप प्रशासन द्वारा लगभग सभी संघीय एजेंसियों में कटौती शुरू करने के बाद से यह कदम एक साल से अधिक समय से विचाराधीन है और इसका ईरान युद्ध से कोई संबंध नहीं है। ईरान युद्ध के कारण कराची और पेशावर सहित विभिन्न पाकिस्तानी शहरों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं जिसके कारण अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों ने अस्थायी रूप से अपना संचालन निलंबित कर दिया है।
मंगलवार को जारी नोटिस के अनुसार, पेशावर वाणिज्य दूतावास में 18 अमेरिकी राजनयिक और अन्य सरकारी कर्मचारी तथा 89 स्थानीय कर्मचारी कार्यरत हैं। नोटिस में कहा गया है कि मंत्रालय इसे बंद करने के लिए 30 लाख अमेरिकी डॉलर खर्च करेगा।
News Source- Press Trust OF India
ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।



