बिहार में दीपावली के मौके पर एक लड्डू की कीमत सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. यहां एक लड्डू 5 रुपये, 50 रुपये या 500 रुपये में नहीं, बल्कि पूरे 5 लाख 15 हजार रुपये में अर्पित किया गया. यह कोई साधारण मिठाई का लड्डू नहीं, बल्कि जैन धर्म की गहरी आस्था और भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक से जुड़ा निर्वाण लाडू है. इस लाडू को भगवान महावीर को सबसे पहले अर्पित करने का सौभाग्य पाने के लिए श्रद्धालुओं के बीच बोली लगाई गई. इसमें बेंगलुरु के जैन श्रद्धालु मोहन भाई ने 5 लाख 15 हजार रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर यह अवसर अपने नाम किया.

भगवान महावीर की निर्वाण भूमि पावापुरी में 2552वें निर्वाण महोत्सव के अवसर पर दीपावली का पर्व बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. मंगलवार को श्वेतांबर जैन समुदाय के श्रद्धालुओं ने पावापुरी स्थित प्रसिद्ध जल मंदिर में भगवान महावीर को निर्वाण लाडू अर्पित कर उनके मोक्ष कल्याणक को नमन किया. इस दौरान मंदिर परिसर भगवान महावीर के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों से गूंजता रहा.
आखिर क्या है निर्वाण लाडू?
जिस लड्डू के लिए लाखों रुपये की बोली लगी, उसके पीछे जैन धर्म की सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा जुड़ी हुई है. जैन मान्यता के अनुसार, भगवान महावीर ने दीपावली के दिन पावापुरी में निर्वाण अर्थात मोक्ष प्राप्त किया था. निर्वाण का अर्थ है जन्ममरण के चक्र से पूरी तरह मुक्त हो जाना.
इसी पावन घटना की स्मृति में दीपावली के अवसर पर भगवान महावीर को निर्वाण लाडू चढ़ाया जाता है. यह लाडू श्रद्धा, समर्पण और भक्ति का प्रतीक माना जाता है. इसे अर्पित करना जैन श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पुण्य और सौभाग्य का अवसर होता है.
इसलिए पावापुरी में निर्वाण महोत्सव के दौरान सबसे पहले लाडू चढ़ाने का अवसर पाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यहां बोली लगाना केवल लड्डू खरीदने का मामला नहीं, बल्कि भगवान के चरणों में सबसे पहले अपनी श्रद्धा समर्पित करने का धार्मिक अवसर माना जाता है.
कौन हैं मोहन भाई, जिन्होंने लगाई 5.15 लाख की बोली?
इस बार निर्वाण लाडू की बोली में सबसे अधिक चर्चा बेंगलुरु के जैन श्रद्धालु मोहन भाई की रही. उन्होंने 5 लाख 15 हजार रुपये की बोली लगाकर भगवान महावीर को पहला निर्वाण लाडू अर्पित करने का अवसर प्राप्त किया. उनकी इस बोली के बाद पावापुरी में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच इसकी खूब चर्चा रही.
बिहार के नालंदा में पावापुरी का जल मंदिर जैन धर्म के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में गिना जाता है. इसकी खासियत यह है कि सफेद संगमरमर से बना यह खूबसूरत मंदिर कमल के फूलों से भरे एक विशाल तालाब के बीच स्थित है. मंदिर तक पहुंचने के लिए पानी के ऊपर बने पुल से होकर जाना पड़ता है. यह वही पवित्र स्थल है जहां भगवान महावीर का अंतिम संस्कार हुआ था.
जैन परंपरा में मान्यता है कि उनके अंतिम संस्कार के बाद श्रद्धालुओं ने उनकी पवित्र राख और अवशेष पाने के लिए इतनी मिट्टी निकाल ली कि वहां विशाल जलाशय बन गया. बाद में इसी जलाशय के बीच जल मंदिर का निर्माण कराया गया. मंदिर में भगवान महावीर की चरण पादुका स्थापित है.



