क्या आपने कभी गधों का मेला देखा है? क्या आपको पता है कि यहां गधों के नाम भी बॉलीवुड सितारों के नाम पर रखे जाते हैं और उनकी कीमत हजारों रुपये तक पहुंच जाती है. उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में दीपावली के दूसरे दिन लगने वाले ऐतिहासिक गधों के मेले में इस बार भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. यहां सलमान खान, शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन और मिथुन चक्रवर्ती जैसे नाम वाले गधे पहुंचे. हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा ‘चंकी पांडे’ नाम के गधे की रही, जो 72 हजार रुपये में बिका. इसके साथ ही वह मेले का सबसे महंगा गधा बन गया.

मंदाकिनी नदी के किनारे सोमवार सुबह 6 बजे से शुरू हुए इस एक दिवसीय मेले में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों से व्यापारी अपने गधे और खच्चर लेकर पहुंचे थे. मेले में खरीददारों की भीड़ के बीच फिल्मी सितारों के नाम वाले जानवर आकर्षण का केंद्र बने रहे.

यहां सलमान, शाहरुख, अमिताभ बच्चन, मिथुन चक्रवर्ती और राजकुमार नाम के गधे भी पहुंचे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। व्यापारियों के मुताबिक, जानवरों के ऐसे नाम रखने के पीछे मनोरंजन के साथ उनकी अलग पहचान बनाने का मकसद होता है. हालांकि, गधों की कीमत उनके नाम से नहीं, बल्कि नस्ल, कदकाठी, लंबाई और ताकत के आधार पर तय होती है. इस बार ज्यादातर चर्चित नाम वाले गधे 50 हजार रुपये से कम में बिके, जबकि चंकी पांडे 72 हजार रुपये में बिका.

औरंगजेब के जमाने से लग रहा है मेला

चित्रकूट में गधों का यह मेला सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा माना जाता है. स्थानीय मान्यताओं के मुताबिक, इसकी शुरुआत मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में हुई थी. कहा जाता है कि जब औरंगजेब अपनी सेना के साथ चित्रकूट पहुंचा था, तब सामान, राशन और गोलाबारूद की ढुलाई के लिए गधों और खच्चरों का इस्तेमाल किया जाता था. इसी दौरान दीपावली के दूसरे दिन गधों का बाजार लगाने की परंपरा शुरू हुई.

ट्रैक्टरट्रकों ने घटाई गधों और खच्चरों की मांग

मेले में पहुंचे पुराने व्यापारियों का कहना है कि पहले निर्माण कार्यों में ईंट, रेत और अन्य सामान की ढुलाई के लिए गधों और खच्चरों की काफी मांग रहती थी. अब ट्रैक्टर और ट्रकों के बढ़ते इस्तेमाल से इनकी उपयोगिता कम हो गई है.

खागा तहसील से 13 खच्चर लेकर पहुंचे राजकुमार ने बताया कि उनके सात खच्चर बिक गए. उनके पिता भी इस मेले में आते थे और वह बचपन से यहां आ रहे हैं. हालांकि, अब नई पीढ़ी इस कारोबार में कम दिलचस्पी दिखा रही है.

पहले जैसी नहीं रही मेले की रौनक

व्यापारी खागापुर के मुताबिक, चारपांच साल पहले मेले में अच्छी नस्ल और आकर्षक कदकाठी वाले जानवर बड़ी संख्या में आते थे. अब कारोबार पहले जैसा नहीं रहा. एसडीएम मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर ने भी मेले में 72 हजार रुपये में गधा बिकने की जानकारी दी.

चित्रकूट का यह मेला सिर्फ खरीदफरोख्त का बाजार नहीं, बल्कि इतिहास और ग्रामीण परंपरा की अनूठी पहचान है. फिल्मी नामों वाले गधे जहां लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, वहीं घटता कारोबार इस सदियों पुरानी परंपरा के भविष्य को लेकर चिंता भी बढ़ा रहा है.