Gangotri Dham Kapat Closing: विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर विधिविधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। दोपहर 12:05 बजे मंदिर के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए मुखीमठ यानी मुखबा गांव रवाना हुई। इस दौरान मंदिर को करीब 5 क्विंटल फूलों से सजाया गया। सेना के कुमाऊं रेजिमेंट बैंड की धुन और पारंपरिक ढोलदमाऊ की थाप के बीच मां गंगा की डोली की विदाई हुई। अब अगले छह महीने तक श्रद्धालु मुखबा गांव में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।

सुबह 9 बजे से शुरू हुई कपाट बंद होने की तैयारी

गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया मंगलवार सुबह 9 बजे से शुरू हुई। सबसे पहले उदय बेला में मां गंगा का मुकुट उतारा गया। इस दौरान मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा की भोगमूर्ति के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर में विशेष पूजाअर्चना की गई। तीर्थ पुरोहितों ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार गंगा लहरी का पाठ किया।

शुभ मुहूर्त में 12:05 बजे बंद हुए कपाट

अमृत बेला, स्वाती नक्षत्र और प्रीति योग के शुभ संयोग में ठीक दोपहर 12:05 बजे गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मां गंगा की भोगमूर्ति को उत्सव डोली में विराजमान किया गया।

सेना के बैंड के साथ मुखबा के लिए रवाना हुई डोली

मंदिर परिसर से जैसे ही मां गंगा की भोगमूर्ति डोली में सवार होकर बाहर निकली। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सेना की कुमाऊं रेजिमेंट के बैंड की धुन और पारंपरिक ढोलदमाऊ की थाप के बीच दोपहर 12:15 बजे तीर्थ पुरोहित डोली लेकर मुखबा गांव के लिए पैदल रवाना हुए। डोली की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारे लगाए। रात्रि विश्राम के लिए डोली मुखबा गांव से करीब चार किलोमीटर पहले चंदोमती देवी के मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद बुधवार सुबह डोली मुखबा गांव पहुंचेगी।

अगले छह महीने मुखबा में होंगे दर्शन

गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब मां गंगा की पूजाअर्चना मुखबा गांव में होगी। मुखबा को मां गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल माना जाता है। अगले छह महीने तक श्रद्धालु यहीं मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। कपाट बंद होने के अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल सहित तीर्थ पुरोहित और देशविदेश से आए सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

अन्य धामों के कपाट कब बंद होंगे?

गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद अब उत्तराखंड के अन्य प्रमुख धामों के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद होंगे।

• यमुनोत्री धाम : 11 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर कपाट बंद होंगे।

• केदारनाथ धाम : 11 नवंबर को शीतकाल के लिए कपाट बंद होंगे।

• बदरीनाथ धाम : 16 नवंबर को कपाट बंद किए जाएंगे।

इस तरह नवंबर में चारों धामों के कपाट बंद होने के साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।