पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ममता पर चुनावी हलफनामे में महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाने का आरोप लगाया है. सीएम ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही है.

सीएम अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि वह 2026 के विधानसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी की तरफ से दाखिल चुनावी हलफनामे में अहम जानकारियां छिपाने के आरोप में उनके खिलाफ नए सिरे से कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहे हैं.

हलफनामे में महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाने का आरोप

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं. नामांकन पत्र की जांच के दौरान कई उम्मीदवारों ने इस संबंध में आपत्तियां उठाई थीं. इसके बावजूद संबंधित निर्वाचन अधिकारी ने उन आपत्तियों को खारिज कर दिया और उनका नामांकन मंजूर कर लिया.जांच के दौरान विसंगतियों पर ध्यान नहीं दिया गया’.

कानूनी कार्रवाई शुरू करने की तैयारी में सीएम

पूर्वी मेदिनीपुर जिले के गोकुलनगर में 2007 के नंदीग्राम आंदोलन में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बात हुए में मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा, ‘मैं इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू करने पर विचार कर रहा हूं. ऐसी चीजों की अनुमति नहीं दी जा सकती’.

ममता बनर्जी का नामांकन रद्द करने की अपील करेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ कई न्यायिक फैसले हैं और वह अदालत का रुख कर ममता बनर्जी का नामांकन रद्द करने की अपील करेंगे.

विधानसभा चुनाव में ममता की करारी हार

दोनों नेताओं के बीच बढ़ते राजनीतिक और कानूनी टकराव के बीच यह उठाया जा रहा है. विधानसभा चुनाव में दोनों नेता एकदूसरे के खिलाफ मैदान में रहे हैं. शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को शिकस्त दी. इस चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. राज्य में बीजेपी ने शानदार जीत दर्ज की और टीएमसी के 15 साल के शासन का अंत कर दिया. इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।