
काठमांडू। नेपाल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी बस धादिंग जिले में त्रिशूली नदी में गिर गई, जिससे कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 1.15 बजे बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड-3 स्थित चरौंडी के पास चिनाधारा इलाके में हुआ।
जिला ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मृतकों में छह महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस पृथ्वी हाईवे पर भैसेपाटी इलाके से गुजर रही थी, तभी अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और करीब 300 मीटर गहरी ढलान से नीचे गिरते हुए त्रिशूली नदी किनारे जा पहुंची। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रात का समय और दुर्गम भौगोलिक स्थिति रेस्क्यू कार्य में बाधा बनी। हादसे के कारणों की जांच जारी है।





