
बुलंदशहर। बुलंदशहर के खुर्जा में सुभाष मार्ग स्थित आरजेएस जिम में 25 अप्रैल की रात जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए तिहरे हत्याकांड के एक आरोपी मनीष ने शुक्रवार को सरेंडर कर दिया। मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस बृहस्पतिवार को मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है।
मामले में 11 आरोपियों में से पांच को जेल भेजा जा चुका है और चार अभी भी वांछित चल रहे हैं। जीतू को खादी पहनने की बेताबी थी। वह बसपा से चेयरमैन का चुनाव लड़ना चाहता था। लेकिन उसे टिकट नहीं मिला था। इसी वजह से उसने बसपा से दूरी बना ली थी, साथ ही दूसरी पार्टी में संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया था।
बुलंदशहर के खुर्जा में हुए तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी जीतू सैनी की कहानी महज एक अपराधी के अंत की दास्तां नहीं है, बल्कि यह एक ऐसे शख्स की कहानी है जिसकी बेतहाशा सियासी महत्वाकांक्षाओं ने उसे सलाखों के पीछे नहीं बल्कि श्मशान तक पहुंचा दिया।

बृहस्पतिवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया जीतू सैनी सफेदपोश बनने का सपना देख रहा था। बसपा से चेयरमैन चुनाव का टिकट न मिलने पर बसपा से दूरी बना ली थी, साथ ही दूसरी पार्टी में संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया था।
सूत्रों की मानें तो जीतू सैनी खुद को इलाके के एक बड़े नेता के तौर पर स्थापित करने के लिए बेताब था। उसे बखूबी अहसास था कि रौब गालिब करना है तो राजनीतिक संरक्षण का कवच होना कितना जरूरी है। इसी खादी को पहनने की चाहत में उसने सबसे पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में अपनी पैठ बनानी शुरू की थी।
निकाय चुनाव के दौरान उसने बसपा से टिकट पाने के लिए पूरी घेराबंदी कर ली थी लेकिन पार्टी आलाकमान ने अन्य समीकरणों को देखते हुए उसे घास नहीं डाली। टिकट न मिलने से आहत जीतू ने बसपा से दूरी बना ली लेकिन सत्ता की हसरत कम नहीं हुई।

इसके बाद उसने एक अन्य प्रभावशाली पार्टी के स्थानीय दिग्गजों से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी थीं। उसकी रेडिमेड कपड़ों की दुकान थी। जब कपड़ों का कारोबार ठप होने लगा, तो उसने रईस बनने के लिए प्रॉपर्टी डीलिंग का शॉर्टकट अपनाया। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ ने उसके सफेदपोश बनने के सपने हमेशा के लिए दफन कर दिए।
जहां कल तक रौनक थी, वहीं अब सन्नाटा पसरा हुआ है। प्राथमिक विद्यालय के आसपास की दुकानें बंद पड़ी हैं। हत्यारोपी जीतू सैनी की मुठभेड़ में हुई मौत लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग जीतू के घर पर परिवार को सांत्वना देने तो जा रहा हैं लेकिन कुछ भी कहने और बात करने से बच रहे हैं।
फूटा दरवाजा पंजाबियान मोहल्ला के प्राथमिक विद्यालय के सामने ही जीतू का घर है। बृहस्पतिवार दोपहर से ही मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। वहीं, जीतू सैनी के घर पर परिवार व रिश्तेदार इकट्ठा हो रहे हैं लेकिन आसपास रहने वाले लोग उनके घर पर जाने से बचते नजर आ रहे हैं।
कुछ लोग बाहर से ही निकलते हुए घर के अंदर झांकते हुए जा रहे हैं लेकिन परिवार से बात करने से हिचकिचा रहे हैं। बृहस्पतिवार सुबह मुठभेड़ के बाद जीतू सैनी के घर व आसपास काफी भीड़ जमा हो गई थी। वहीं, भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। उसी मोहल्ले में अब सन्नाटा पसरा हुआ है।

हत्यारोपी जीतू सैनी के परिवार के लिए घटना एक कलंक बन गई है। तिहरे हत्याकांड और मुठभेड़ में जीतू सैनी की मौत के बाद से पुलिस भी अलर्ट हो गई है। ऐसे में पुलिस ने जीतू सैनी के घर के अलावा गली, पंजाबियान व फूटा दरवाजा मोहल्ले में सख्ती बढ़ा दी है।
सीओ शोभित कुमार ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी जगह अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पंजाबियान मोहल्ला निवासी मृतक मनीष के भाई संजय सैनी को जब जानकारी मिली कि एक आरोपी मनीष यादव ने बुलंदशहर न्यायालय में सरेंडर कर दिया है तो वह यह सुनकर दुखी हो गए।
वहीं, पूर्व सभासद व मनीष के भाई संजय सैनी ने बताया कि पुलिस अधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिवार की सुरक्षा के लिए गली व घर के बाहर सीसीटीवी लगवाने की तैयारी की जा रही है, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो।
इसके लिए उन्होंने कैमरा मैकेनिक को गली की शुरुआत से लेकर घरों के बाहर वाले स्थान चिह्नित करा दिए गए हैं। बेहतर क्षमता वाले कैमरे लगवाए जाएंगे, जो मेरठ से मंगवाए जा रहे हैं।
तिहरे हत्याकांड में आरोपी मनीष ने किया सरेंडर, अन्य की तलाश जारी
बुलंदशहर के खुर्जा में सुभाष मार्ग स्थित आरजेएस जिम में 25 अप्रैल की रात जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए तिहरे हत्याकांड के एक आरोपी मनीष ने शुक्रवार को सरेंडर कर दिया। मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस बृहस्पतिवार को मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है। मामले में 11 आरोपियों में से पांच को जेल भेजा जा चुका है और चार अभी भी वांछित चल रहे हैं। इनकी तलाश के लिए पुलिस टीम यूपी समेत अन्य प्रदेशों में दबिश दे रही है।
फूटा दरवाजा पंजाबियान मोहल्ला निवासी जीतू सैनी का 25 अप्रैल को जन्मदिन था। जीतू सैनी ने दोस्तों के लिए शराब पार्टी का आयोजन मयंक सैनी की पॉटरी फैक्टरी पर किया था। इस पार्टी में जीतू सैनी ने अपने दोस्त बुर्ज उस्मान पंजाबियान मोहल्ला निवासी अमरदीप (35) को नहीं बुलाया था।
इसकी जानकारी होने पर अमरदीप 25 अप्रैल की रात करीब नौ बजे सुभाष मार्ग स्थित आरजेएस फिटनेस जिम पर पहुंचा, जहां पर जीतू व उसके दोस्त पहले से मौजूद थे। वहां पर जीतू सैनी ने जन्मदिन का केक काटा और साथियों संग फैक्टरी पर शराब पीने चला गया। इसमें अमरदीप उसके साथ नहीं गया तो जीतू ने फोन कर बुलाया, फिर भी अमरदीप नहीं आया।
करीब दस बजे जीतू व उसके दोस्त शराब के नशे में जिम पर दोबारा आए। इस दौरान जीतू व अमरदीप के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष के लोगों ने मामला शांत कराया। जीतू वहां से बाहर चला गया। जिम में केवल अमरदीप, उनके ताऊ का बेटा मनीष (32) और भतीजा आकाश (20) रह गए।
लगभग सवा 11 बजे जीतू पिस्टल लेकर अपने साथियों संग जिम पर तीसरी बार आया। जहां उसने शराब के नशे और गाली के बाद आवेश में आकर अमरदीप, मनीष व आकाश के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद जिम की सीसीटीवी डीबीआर लेकर फरार हो गया। सूचना पर डीआईजी कलानिधि नैथानी समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और जांच पड़ताल की।
इसमें अमरदीप के पिता सरूप सैनी की तहरीर पर पुलिस ने जीतू सैनी, जीतू के भाई रवि सैनी, मयंक सैनी, मयंक का भाई रिंकू सैनी, नरेश उर्फ देवा, भारत सैनी, मनीष, जिम संचालक रूपा उर्फ रूपेश, अनुज, सौरभ उर्फ सीटू के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई। सोमवार सुबह, 27 अप्रैल को पुलिस ने रूपेश, नरेश उर्फ देवा और मयंक को गिरफ्तार किया। 28 अप्रैल को मुठभेड़ के दौरान 50-50 हजार के इनामी मयंक के भाई रिंकू सैनी व भारत सैनी को गिरफ्तार किया गया।
30 अप्रैल की सुबह पुलिस और दो अन्य बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी भाग गया और तीन गोली लगने से मुख्य आरोपी जीतू सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। इसके अलावा, मनीष यादव ने शुक्रवार सुबह बुलंदशहर एसीजीएम न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। मामले में अभी भी चार आरोपी जीतू का भाई रवि सैनी, अनुज, सौरभ उर्फ सींटू व सोनू वांछित चल रहे हैं।
जीतू सैनी मुठभेड़ को लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर मजिस्ट्रेट जांच होगी। इसके लिए खुर्जा एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय समेत तीन लोगों की कमेटी गठित की गई है।