रांची में फास्ट फूड दुकान पर खाने के ऑर्डर को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद में ग्राहक ने बर्बरता की सारी सीमाएं पार कर दीं. उसने फास्ट फूड कॉर्नर में काम करने वाले पश्चिम बंगाल के रहने वाले कारीगर की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी. मामूली विवाद में हुई इस हिंसक वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया. साथ ही, हत्याकांड में शामिल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के साथसाथ विभिन्न तकनीकी पहलुओं का इस्तेमाल करते हुए जांच शुरू कर दी है.

फास्ट फूड दुकान में मामूली विवाद के बाद ग्राहक द्वारा वहां काम करने वाले कारीगर की गला रेतकर हत्या किए जाने के मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेपी मार्केट स्थित एक फास्ट फूड कॉर्नर में काम करने वाले पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले अजय दास का वहां पहुंचे एक ग्राहक के साथ खाने के ऑर्डर को लेकर विवाद हुआ था. हालांकि, विवाद का मुख्य कारण क्या था, यह अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है. ग्राहक और कारीगर अजय दास के बीच देर रात हुए मामूली विवाद के बाद अचानक आरोपी ने फास्ट फूड दुकान में रखे धारदार हथियार से अजय का गला रेत दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गया.

इधर, आननफानन में स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल कारीगर अजय दास को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक अजय दास के शव को कब्जे में लेते हुए धुर्वा थाना पुलिस ने जेपी मार्केट स्थित फास्ट फूड दुकान में हुई हत्या की घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया. इसके साथ ही, वहां और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में पुलिस जुट गई है. आशंका व्यक्त की जा रही है कि देर रात संभवतः शराब के नशे में ग्राहक ने मनपसंद ऑर्डर नहीं मिलने के कारण कारीगर की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी. हालांकि, हत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.

राजधानी रांची की इस घटना से पहले अक्टूबर 2026 में जमशेदपुर के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जियाडा सर्विस लेन स्थित एक फास्ट फूड दुकान में वेज रोल और चाऊमीन का ऑर्डर देने में देरी होने के कारण विवाद हुआ था. फास्ट फूड संचालक और युवकों के बीच हुए इस विवाद में शेखर नामक एक युवक की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में फास्ट फूड संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।