नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और पर लू पर ब्रेक लगा है। राजधानी में गुरुवार दोपहर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है, इसके साथ ओलावृष्टि भी हो रही है। तेज बारिश होने से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है, साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। ओलावृष्टि के कारण हवा में ठंडक भी महसूस हो रही है।

गुरुवार सुबह से दिल्ली-एनसीआर के आसमान पर बादलों का डेरा जमा हुआ है। लेकिन दोपहर होते-होते इन बादलों ने अचानक तेज बारिश शुरू कर दी। बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, सड़क पर ओले की सफेद चादर स्पष्ट रूप से नजर आ रही है। ईस्ट दिल्ली से लेकर गाजियाबाद में भी ओलावृष्टि का दौर जारी है।

दिल्ली में 3 मई तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
IMD के अनुसार, दिल्ली के आसमान पर मई तक बादलों का डेरा रहेगा। इस दौरान राज्य के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है। हालांकि तापमान में एक मई से लगातार वृद्धि के संकेत हैं। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। जबकि तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है।

दिल्ली के सफदरजंग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

अन्य मौसम निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 23.6 डिग्री सेल्सियस, रिज में 25 डिग्री सेल्सियस और अयानगर में 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार है और पूर्वानुमानों से संकेत मिले हैं कि कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।

देश में कैसा रहेगा मौसम
भारत मौसम विभाग के अनुसार, देश के उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम तथा पूर्वोत्तर भारत में इस सप्ताह के दौरान गरज-चमक, बिजली और 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवा के साथ व्यापक वर्षा तथा कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों तथा उससे सटे मध्य भारत में 03 से 06 मई के दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक, बिजली और 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।