
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस में सीबीआई ने मंगलवार 6 अक्तूबर को छापेमारी की है. चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित हाउस नंबर 50 में सीबीआई की टीम जांच के लिए पहुंची है. इस बंगले को पंजाब सीएम का कैंप ऑफिस-कम-गेस्ट हाउस बताया जाता है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन के पुश्तैनी गांव घराचों स्थित घर पर भी सीबीआई की टीम ने छापा मारा है. इस छापे को लेकर सीएम भगवंत मान ने केंद्र में सत्ताधारी बीजेपी पर निशाना साधा है.
इस मामले में CBI ने पंजाब के मुख्यमंत्री के OSD राजबीर घुमन, नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर, आर.एस. नागरा और अज्ञात सरकारी अधिकारियों और निजी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. FIR में दो सरकारी कर्मचारियों के अलावा बिचौलियों और दूसरे सहयोगियों को भी आरोपी बनाया है.
आरोप है कि ये आरोपी पैसे के बदले IAS और IPS सहित विभिन्न अधिकारियों की पोस्टिंग और विभागीय कार्रवाई को प्रभावित करते थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा नीति बनाने, प्रशासनिक मंजूरी, टेंडर की शर्तें, लाइसेंस, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव (Land Use Conversion), संपत्ति विवाद और राजस्व व जमीन से जुड़े मामलों में भी दखल देने के आरोप हैं.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच का आदेश दिया है. हाईकोर्ट ने सीबीआई को आपराधिक मामला दर्ज कर जांच करने और दो महीने में स्टेटस रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था. पंजाब सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
ईडी के पत्रों से शुरू हुआ केस
हाईकोर्ट के सामने मामला पहुंचने के बाद अदालत ने सीबीआई को स्वतंत्र जांच के लिए केस अपने हाथ में लेने का निर्देश दिया. अदालत ने एजेंसी को दो महीने में अपनी रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है.
हाईकोर्ट के इस आदेश के खिलाफ पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. सुप्रीम कोर्ट में पंजाब सरकार की याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग की गई. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इससे इनकार कर दिया, जिसके बाद सीबीआई का यह एक्शन देखा गया.
भगवंत मान ने BJP पर लगाए आरोप
सीबीआई की छापे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये केंद्र की सत्ताधारी बीजेपी पर निशाना साधा. पंजाबी में किए इस पोस्ट में सीएम मान ने लिखा, ‘बीजेपी ने पंजाब चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है… मेरे कैंप ऑफिस पर CBI का छापा पड़ा… अब पंजाब सरकार और मुझे बदनाम करने के लिए पंजाब में ED और CBI का गलत इस्तेमाल किया जाएगा… लोगों से मिल रहे प्यार से बीजेपी घबरा गई है.’
वहीं अरविंद केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में कहा, ‘चुनाव से दो महीने पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय पर CBI की रेड बीजेपी कि बौखलाहट का नतीजा है. जब से सेंटर में बीजेपी की सरकार आई है उसने पंजाबियों के साथ हमेशा ही धक्का किया है, चाहे किसान आंदोलन हो, पंजाब के पानी का मुद्दा हो, पंजाब यूनिवर्सिटी का मुद्दा हो. और अब तो उनके चुने हुए मुख्यमंत्री के साथ भी धक्का कर रही. बीजेपी चुनाव लड़कर पंजाब में जीत नहीं सकती तो ED-CBI के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है. लेकिन पंजाबियों ने अपना मन बना लिया है और बीजेपी के सीबीआई रेड का जवाब आने वाले चुनाव ने भगवंत मान को 100+ सीटों से जिताकर दोबारा मुख्यंत्री बना कर देंगे.’
‘भ्रष्टाचार को खत्म करने का वक्त आ गया’
बीजेपी नेता मंजिंदर सिंह सिरसा ने इस मामले में भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘सब पकड़े जाएंगे… सब पकड़े जाएंगे! पिछले साढ़े चार साल में पंजाब की जनता को जिस तरह लूटा गया, पीटा गया, युवाओं को नशे की तरफ धकेला गया, इंसाफ की मांग कर रही पंजाब की बेटियों और बहनों को सड़कों पर घसीटा गया और पगड़ियों व दुपट्टों का अपमान किया गया- अब हिसाब लेने का वक्त आ गया है. लूट का हो या मारपीट का… सबका हिसाब होगा. सब पकड़े जाएंगे… सब पकड़े जाएंगे. भगवंत मान के कैंप कार्यालय और उनके OSD से जुड़े ठिकानों पर CBI की छापेमारी… भ्रष्टाचार को खत्म करने का वक्त आ गया है!’



