Himachal Se: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में जब मानसी के शव के अवशेष गांव पहुंचे तो परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई, फांसी की सजा और बुल्डोजर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। माहौल को देखते हुए एएसपी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली सहित पांच थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हालांकि, घटना के बाद से कस्बे में पुलिस बल पहले से ही तैनात था। एएसपी दुर्गेश सिंह ने किसी तरह से मामले को शांत कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया इसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ।

सीतापुर मानसी हत्याकांड: शव की हालत देख भड़के परिजन, आरोपी को फांसी देने की मांग​
सीतापुर मानसी हत्याकांड: शव की हालत देख भड़के परिजन, आरोपी को फांसी देने की मांग​

लखनऊ के बक्सी का तालाब क्षेत्र में सीतापुर की बीएससी छात्रा मानसी का शव मिला था। पोस्टमार्टम के बाद छात्रा के अवशेष गांव पहुंचे। इस दौरान पुलिस ड्रोन से निगरानी करती रही। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। रविवार को पुलिस की मौजूदगी में छात्रा मानसी के अवशेषों का अंतिम संस्कार किया गया।

बोरे में भरकर लाए अवशेष

पोस्टमार्टम के बाद मानसी के अवशेष एक बोरे में भरकर घर लाए गए। किसी प्रकार की कोई हिंसक घटना न हो इसके लिए भारी पुलिस बल भी तैनात था। परिजनों ने कहा कि उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या की गई है, इसलिए आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोपी के मकान पर बुल्डोजर चलाने की भी मांग की। पीड़ित परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने बेटी को उच्च शिक्षा दिलाकर उसका भविष्य संवारने का सपना देखा था, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

गांव में पुलिस बल तैनात

ग्रामीणों ने भी परिवार की मांगों का समर्थन करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। गांव में देर रात तक गम और आक्रोश का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्रेमी ने की थी मानसी की हत्या

मानसी की हत्या प्रेमी शिवम ने की थी। वह मिलने के बहाने उसे जंगल ले गया था और यहीं विवाद होने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। मानसी तीन माह की गर्भवती थी और शिवम पर शादी का दबाव बना रही थी। शिवम ने हत्या के बाद मानसी का शव जंगल में ही छोड़ दिया था और भाग गया था। पुलिस उसके पास पहुंची तो शव के बारे में जानकारी दी। इसके बाद शिवम को साथ ले जाकर शव बरामद किया गया। शव का बड़ा हिस्सा जंगली जानवर खा गए थे। मानसी घर से प्रैक्टिकल देने गई थी और सात दिन बाद उसका शव लखनऊ के बक्सी का तालाब क्षेत्र में मिला था।