
गाजियाबाद की तीन नाबालिग बहनों की मौत का मामला लगातार नए खुलासों के साथ और उलझता जा रहा है। 12, 14 और 16 साल की तीनों बहनों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस पिछले कई दिनों से इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच के दौरान परिवार और घर के माहौल से जुड़ी कई ऐसी बातें सामने आई हैं, जिन्होंने जांच एजेंसियों को भी हैरान कर दिया है।
जांच में सामने आया है कि बच्चियों के पिता की निजी जिंदगी काफी जटिल थी। जानकारी के मुताबिक पिता की तीन शादियां थीं और वह अपनी तीनों पत्नियों के साथ एक ही कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि उसी कमरे में उनके बच्चे भी सोते थे। ऐसे में अब जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि घटना वाले दिन तीनों बहनें अलग कमरे में क्यों थीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार के अंदर कई बातों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। शादी से जुड़े दस्तावेज और तारीखों को लेकर भी परिवार के बयान अलग-अलग बताए जा रहे हैं। इससे जांच और ज्यादा जटिल होती जा रही है।
एक और बड़ा खुलासा यह हुआ है कि तीनों बच्चियां कई सालों से स्कूल नहीं जा रही थीं। आर्थिक परेशानी के कारण उनकी पढ़ाई बीच में ही रुक गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने आखिरी बार किस स्कूल में पढ़ाई की थी, ताकि उनके सामाजिक और मानसिक हालात को समझा जा सके।
मामले में मोबाइल फोन भी जांच का अहम हिस्सा बन गए हैं। बताया जा रहा है कि बच्चियां दो मोबाइल इस्तेमाल करती थीं, लेकिन दोनों फोन अब परिवार के पास नहीं हैं। पुलिस इन मोबाइल्स को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पारिवारिक माहौल, आर्थिक स्थिति, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की संरचना जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।





