Himachal Se: शिमला। हिमाचल प्रदेश की चर्चित SDM और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओशीन शर्मा ने करीब 44 दिनों बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर वापसी कर ली है। लंबे समय तक इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म से दूर रहने के बाद जैसे ही उन्होंने नई तस्वीरें साझा कीं, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
बताया जा रहा है कि मार्च महीने में विवाद बढ़ने के बाद ओशीन शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट अस्थायी रूप से बंद कर दिए थे। अब डेढ़ महीने बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर वापसी करते हुए एक साथ तीन नई तस्वीरें शेयर की हैं, जिन पर हजारों लाइक्स और कमेंट्स आने शुरू हो गए।
उनकी पोस्ट सामने आते ही फैंस बेहद उत्साहित नजर आए। कई यूजर्स ने “वेलकम बैक मैम” और “फिर से सोशल मीडिया पर छा गईं” जैसे कमेंट किए। वहीं कुछ लोगों ने उन्हें भविष्य में अधिक सतर्क रहने और सरकारी नियमों का ध्यान रखने की सलाह भी दी।
दरअसल, फरवरी महीने में ओशीन शर्मा एक जिम प्रोडक्ट के प्रमोशन को लेकर विवादों में आ गई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसके बाद सवाल उठे थे कि क्या कोई सरकारी अधिकारी निजी उत्पादों का प्रचार कर सकता है। मामला बढ़ने पर प्रशासन तक शिकायत पहुंची थी और उन्हें चेतावनी भी दी गई थी।
विवाद के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिए थे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब उनकी वापसी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि ओशीन शर्मा मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से संबंध रखती हैं। उन्होंने शिमला के DAV स्कूल लक्कड़ बाजार से पढ़ाई की है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता काफी ज्यादा मानी जाती है।