Himachal Se: चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में दो सरकारी शिक्षकों पर शराब के नशे में स्कूल आने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। लगातार शिकायतों और अभिभावकों के विरोध के बाद शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार मामला भरमौर और बनीखेत शिक्षा खंड से जुड़ा है। आरोप है कि एक पीईटी और एक जेबीटी शिक्षक अक्सर शराब के नशे में स्कूल पहुंचते थे और समय पर ड्यूटी भी नहीं करते थे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इससे स्कूलों का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा था और विद्यार्थियों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा था।

बताया जा रहा है कि अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने कई बार विभाग को शिकायतें भेजीं। इसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

निलंबित जेबीटी शिक्षक बनीखेत शिक्षा खंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला स्वागलू में तैनात था, जबकि पीईटी शिक्षक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौबिया में कार्यरत था।

सूत्रों के अनुसार विभाग ने दोनों शिक्षकों को पहले भी व्यवहार सुधारने और समयपालन को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आखिरकार विभाग ने सख्त कदम उठाया।

शिक्षा विभाग ने निलंबन के बाद जेबीटी शिक्षक का मुख्यालय कल्हेल और पीईटी शिक्षक का मुख्यालय उदयपुर निर्धारित किया है।

कार्यकारी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि स्कूलों में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी बच्चों को बेहतर शिक्षा और अनुशासित माहौल देना है, इसलिए नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।