Featured Image

सांकेतिक तस्वीरImage Credit source: Unsplash

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक रेडिट पोस्ट का स्क्रीनशॉट चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसे @coolcoder56 हैंडल से अस्मित नाम के एक यूजर ने शेयर किया था. यह कहानी बिहार के एक 20 साल के लड़के की है, जिसने बिना किसी डिग्री के इंटरनेट के दम पर हर महीने 4 से 5 लाख रुपए कमाकर अपनी मां को काम से रिटायर कर दिया है.

पबजी डिजाइनिंग से शुरू हुआ संघर्ष

वायरल पोस्ट के अनुसार, इस लड़के की परवरिश बेहद संघर्षपूर्ण माहौल में हुई. पांच साल की उम्र में माता-पिता के अलग होने के बाद उसने अपनी मां के साथ दिन बिताए. कोविड के दौरान आर्थिक तंगी के चलते उसे सीबीएसई से बिहार बोर्ड में आना पड़ा. साल 2020 में महज 14 साल की उम्र में उसने ऑनलाइन हुनर सीखते हुए पबजी (PUBG) ई-स्पोर्ट्स टीमों के लिए ग्राफिक डिजाइनिंग और एडिटिंग शुरू की. हालांकि, भारत में पबजी बैन होने के बाद उसका यह काम बंद हो गया और वह लंबे समय तक डिप्रेशन में रहा.

नोएडा की नौकरी और डिप्रेशन का दौर

कुछ समय बाद एक ऑनलाइन संपर्क के जरिए उसे नोएडा की एक Web3 एजेंसी में 15,000 रुपए महीने की नौकरी का ऑफर मिला. बिना किसी डिग्री के उसने यह रिस्क लिया और नोएडा चला गया, जहां वह एक खाली कमरे में गद्दे के सहारे रहा. काम के तनाव और खराब माहौल के चलते वह मानसिक रूप से टूटने लगा और महज पांच महीने बाद सब कुछ छोड़कर वापस बिहार लौट आया.

डॉलर में कमाई और मां को तोहफा

बिहार लौटने के बाद उसने हार नहीं मानी और एक टेक कम्युनिटी के लिए मुफ्त में ब्रांडिंग का काम शुरू किया. इस मेहनत से उसे विदेशी क्लाइंट्स मिलने लगे और उसकी कमाई डॉलर में होने लगी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। धीरे-धीरे उसकी आय बढ़कर 4,000 से 6,500 डॉलर (लगभग 3.3 से 5.4 लाख रुपए) प्रति माह तक पहुंच गई. इस सफलता के बाद उसने अपनी मां को काम से पूरी तरह रिटायर कर दिया और उनके लिए लगातार सोने के गहने खरीद रहा है.

सफलता की कड़वी कीमत

वायरल पोस्ट के अंत में यह भी साझा किया गया है कि इतनी कम उम्र में आर्थिक सफलता हासिल करने के बावजूद वह आज भी अकेलेपन और डिप्रेशन से जूझ रहा है. असल जिंदगी में उसका कोई दोस्त नहीं है, जिसे वह इस मुकाम की कीमत मानता है. हालांकि, संसाधनों के अभाव से जूझ रहे युवाओं के लिए यह कहानी एक बड़ी प्रेरणा जरूर बन गई है.