
Raigarh News: रायगढ़। स्नैपचैट पर युवक से दोस्ती करना युवती को महंगा पड़ गया। आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं युवती को झांसे में लेकर करीब 4.50 लाख की वसूली भी की। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी की पहचान पंकज चौहान के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक आईफोन भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को 23 वर्षीय पीड़िता ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि 22 अक्टूबर 2025 को स्नैपचैट के माध्यम से उसकी पहचान पंकज चौहान से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी और मुलाकात भी होने लगी।
पीड़िता के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को आरोपी ने उसे फोन कर शादी करने का भरोसा दिलाया और अपने घर ग्राम अमलीडीह बुलाया। वहां आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने इसी तरह कई बार शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अलग-अलग समय पर उससे लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये भी लिए।
पीड़िता के अनुसार, सितंबर 2026 में आवश्यकता पड़ने पर जब उसने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे और शादी करने के लिए कहा, तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया तथा शादी करने से भी मना कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर जाँच में लिया गया।
जाँच के दौरान पुलिस ने आरोपी पंकज चौहान को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त आईफोन मोबाइल पेश किया, जिसे जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
एसएसपी का सख्त संदेश
“महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। पीड़िताओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। महिला सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।”



