
ग्वालियर |25 अक्टूबर 2026| मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से चोरी का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए हैं। मामला ग्वालियर के व्यस्त नया बाजार इलाके में स्थित मूंदड़ा नर्सिंग होम का है। यहाँ डॉक्टर दंपती के बेडरूम में रखी अलमारी से 25 लाख रुपये गायब हो गए, लेकिन सबसे बड़ा रहस्य यह है कि ना तो अलमारी का ताला टूटा था और ना ही वहां कोई तोड़फोड़ की गई थी।
एक महीने बाद खुला बैग तो उड़े डॉक्टर दंपती के होश
शिकायत दर्ज कराते हुए नर्सिंग होम की संचालक डॉ. पूजा मूंदड़ा ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति डॉ. अंशुमान मूंदड़ा के साथ अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर ही रहती हैं। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि बीते 18 अगस्त 2026 की शाम उन्होंने बेडरूम की छोटी अलमारी के अंदर एक बैग में 25 लाख रुपये कैश रखे थे और अलमारी पर छोटा ताला लगा दिया था। इसके बाद जब उन्होंने करीब एक महीने बाद यानी 19 सितंबर को किसी काम से अलमारी खोली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैग अपनी जगह पर बिल्कुल सही-सलामत रखा हुआ था, लेकिन जब उसे खोलकर देखा तो अंदर रखे 500-500 के नोटों के बंडल गायब थे।
सफाई करने वाली महिला कर्मचारी पर गहराया शक
इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी पुलिस के सामने डॉक्टर दंपती ने एक बड़ा शक जाहिर किया है। डॉ. पूजा के मुताबिक, अलमारी की चाबी ज्यादातर उनके पास ही रहती थी, लेकिन कभी-कभी जल्दबाजी में वह बेडरूम में ही छूट जाती थी। इसी बात का फायदा उठाकर उन्होंने बेडरूम की साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी पर चोरी का संदेह जताया है।
वहीं, दूसरी तरफ बिना ताला तोड़े और बिना किसी सबूत के लाखों रुपये गायब हो जाने की घटना ने इलाके के व्यापारियों और डॉक्टरों में भी डर पैदा कर दिया है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह किसी अंदरूनी शख्स का काम है या फिर चाबी की डुप्लीकेट चाबी बनवाई गई है? फिलहाल, पुलिस इस हाई-प्रोफाइल और रहस्यमयी चोरी का पर्दाफाश करने के लिए अस्पताल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है, ताकि मामले का पर्दाफाश किया जा सकें।



